नए युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए देश में कई विशेष अभियान चलाए जाएंगे: PM नरेंद्र मोदी

Mann Ki Baat 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 116वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज NCC दिवस है। NCC का नाम सुनते ही हमें अपने स्कूल और कॉलेज के दिन याद आ जाते हैं। मैं खुद भी एक NCC कैडेट रहा हूं, इसलिए मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि इससे मुझे जो अनुभव मिला, वो मेरे लिए अमूल्य है। NCC युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की भावना पैदा करती है। आपने अपने आस-पास देखा होगा कि जब भी कहीं कोई आपदा आती है, चाहे वो बाढ़ हो, भूकंप हो या कोई दुर्घटना, NCC के कैडेट मदद के लिए वहां जरूर मौजूद होते हैं।
यह भी पढ़ें:- भारत सरकार के एडिशनल सेक्रेटरी ने छत्तीसगढ़ के बिहान समूह को सराहा, नए प्रोजेक्ट पर की चर्चा
PM मोदी ने कहा कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर देश ‘युवा दिवस’ मनाता है। अगले साल स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती है। इस बार इसे खास तरीके से मनाया जाएगा। इस अवसर पर 11 और 12 जनवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी राज्य, जिले और गांव से करीब 2000 युवा हिस्सा लेंगे। मैंने लाल किले की प्राचीर से ऐसे युवाओं से राजनीति में आने का आह्वान किया है, जिनके पूरे परिवार की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं रही है। ऐसे एक लाख युवाओं को, नए युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए देश में कई विशेष अभियान चलाए जाएंगे। ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ भी ऐसा ही एक प्रयास है। (Mann Ki Baat 2024)
‘मिनी इंडिया’ का किया जिक्र
उन्होंने कहा कि भारत से हजारों किलोमीटर दूर गुयाना में भी एक ‘मिनी इंडिया’ बसा हुआ है। करीब 180 साल पहले भारत से लोगों को खेतों में मजदूरी करने और दूसरे कामों के लिए गुयाना ले जाया जाता था। आज गुयाना में रहने वाले भारतीय मूल के लोग राजनीति, व्यापार, शिक्षा और संस्कृति के हर क्षेत्र में गुयाना का नेतृत्व कर रहे हैं। गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली भी भारतीय मूल के हैं और उन्हें अपनी भारतीय विरासत पर गर्व है। कई भारतीय परिवार कई शताब्दियों से ओमान में रह रहे हैं। वहां बसने वाले ज़्यादातर लोग गुजरात के कच्छ से हैं। (Mann Ki Baat 2024)
भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रभाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास और भारत के राष्ट्रीय अभिलेखागार के सहयोग से एक टीम ने इन परिवारों के इतिहास को संरक्षित करने का काम शुरू कर दिया है। मुझे स्लोवाकिया में किए जा रहे ऐसे ही एक और प्रयास के बारे में पता चला है जो हमारी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन से जुड़ा है। यहां पहली बार हमारे उपनिषदों का स्लोवाक भाषा में अनुवाद किया गया है। ये प्रयास भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रभाव को भी दर्शाते हैं। हम सभी के लिए यह गर्व की बात है कि दुनिया भर में ऐसे करोड़ों लोग हैं, जिनके दिल में भारत है। (Mann Ki Baat 2024)
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान
PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम’ अभियान। पूरे देश से लोगों ने इस अभियान में बहुत उत्साह से भाग लिया। अब यह पहल दुनिया के अन्य देशों तक भी पहुंच रही है। गुयाना की मेरी हाल की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति डॉ. इरफ़ान अली, उनकी सास और परिवार के अन्य सदस्य मेरे साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल हुए। हमारे आस-पास जैव विविधता को बनाए रखने में गौरैया अहम भूमिका निभाती है, लेकिन आज शहरों में गौरैया बहुत कम दिखती है। बढ़ते शहरीकरण के कारण गौरैया हमसे दूर हो गई है। आज की पीढ़ी के कई बच्चों ने गौरैया को सिर्फ तस्वीरों या वीडियो में ही देखा है। ऐसे बच्चों की जिंदगी में इस प्यारी चिड़िया को वापस लाने के लिए कुछ अनोखे प्रयास किए जा रहे हैं। (Mann Ki Baat 2024)
गौरैया के अहमियत का जिक्र
PM मोदी ने कहा कि चेन्नई के कुदुगल ट्रस्ट ने गौरैया की आबादी बढ़ाने के अपने अभियान में स्कूली बच्चों को शामिल किया है। संस्थान के लोग स्कूलों में जाकर बच्चों को बताते हैं कि रोजमर्रा की जिंदगी में गौरैया कितनी अहमियत रखती है। यह संस्थान बच्चों को गौरैया के घोंसले बनाने की ट्रेनिंग देता है। इसके लिए संस्थान के लोगों ने बच्चों को लकड़ी का एक छोटा सा घर बनाना सिखाया। इसमें गौरैया के रहने और खाने-पीने का इंतजाम किया गया। लखनऊ के रहने वाले वीरेंद्र हैं, वो बुजुर्गों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के काम में मदद करते हैं। आप जानते हैं कि नियमों के मुताबिक सभी पेंशनरों को साल में एक बार जीवन प्रमाण पत्र जमा कराना होता है। 2014 तक इसकी प्रक्रिया यह थी इसे बैंकों में जाकर बुजुर्ग को खुद जमा करना पड़ता था। आप कल्पना कर सकते हैं कि इससे हमारे बुजुर्गों को कितनी असुविधा होती थी। अब ये व्यवस्था बदल चुकी है। अब डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र देने से चीजें बहुत ही सरल हो गई हैं, बुजुर्गों को बैंक नहीं जाना पड़ता। (Mann Ki Baat 2024)
डिजिटल क्रांति के बारे में की बात
PM ने कहा कि कई शहरों में युवा बुजुर्गों को डिजिटल क्रांति में भागीदार बनाने के लिए भी आगे आ रहे हैं। भोपाल के महेश ने अपने मोहल्ले के कई बुजुर्गों को मोबाइल के माध्यम से भुगतान करना सिखाया है। इन बुजुर्गों के पास स्मार्ट फोन तो था, लेकिन, उसका सही उपयोग बताने वाला कोई नहीं था। मैं चेन्नई का एक उदाहरण आपसे शेयर करना चाहता हूं। यहां बच्चों के लिए एक ऐसी लाइब्रेरी तैयार की गई है, जो रचनात्मकता और सीखने का हब बन चुकी है। बिहार में गोपालगंज के ‘प्रयोग लाइब्रेरी’ की चर्चा तो आसपास के कई शहरों में होने लगी है। देश के कई हिस्सों में ‘युवा’ बेकार समझी जाने वाली चीजों को लेकर कचरे से कंचन बना रहे हैं। तरह-तरह के नवाचार कर रहे हैं। इससे वो पैसे कमा रहे हैं, रोजगार के साधन विकसित कर रहे हैं। (Mann Ki Baat 2024)



