भारत सरकार के एडिशनल सेकेटरी ने राजनांदगांव की 20 लखपति दीदियों को किया सम्मानित, पढ़ें पूरी खबर

Central Additional Secretary: भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी चरणजीत सिंह ने छत्तीसगढ़ दौरे के दूसरे दिन 24 नवंबर को राजनांदगांव जिले के पदुमतरा में 20 लखपति दीदियों से चर्चा की। साथ ही उनके लखपति दीदी बनने की कहानी सुनी। इस मौके पर उन्होंने सभी लखपति दीदियों को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सिंह ने राजनांदगांव जिले में ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की सफलता की सराहना की और बिहान समूह से जुड़ी महिलाओं को लखपति दीदी बनने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया।
यह भी पढ़ें:- सांस्कृतिक एकता की ओर बढ़ता भारत, विश्व का नेतृत्व करने के लिए तैयार: वन मंत्री केदार कश्यप
सिंह ने राजनांदगांव जिले के कई गांवों का दौरा कर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत महिला समूहों द्वारा संचालित आर्थिक स्वावलंबन की गतिविधियों का जायजा लिया। ग्राम पंचायत अंजोरा में 75 महिला स्वयं सहायता समूह सदस्यों द्वारा पूजा सामग्री निर्माण के कार्य को देख कर उनसे उनके आय-व्यय और सदस्यों को हो रहे लाभ के संबंध में जानकारी ली। जिले के मॉडल संकुल और सीएमटीसी संगठन-आंचल संकुल संगठन पदुमतरा में कार्यकरणी सदस्यों की बैठक में शामिल हुए। सिंह ने ग्राम पंचायत सुकुलदैहान में बिहान की एफपीसी स्वर्ण उपज उत्पादक कंपनी के एकीकृत सुविधा केंद्र में प्रोसेसिंग यूनिट स्थापना के कार्य की प्रगति का भी अवलोकन किया।

अतिरिक्त सचिव चरणजीत सिंह ने अंजोरा गांव में श्री गणेशा हर्बल गुलाल यूनिट में पीपीपी मॉडल के तहत समूह की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे गुलाल, रोली, चंदन, कुमकुम, पूजन सामग्री के साथ ही व्यापक स्तर पर किए जा रहे पैकेजिंग यूनिट को देखा। वे जय बाबा कुटी स्वसहायता समूह और सखी संकुल संगठन की महिलाओं से रूबरू हुए। समूह की महिलाओं ने उन्हें बताया कि स्थानीय स्तर पर उन्हें रोजगार मिल गया है और अच्छी आमदनी मिल रही है।सिंह ने पदुमतरा में समूह के उत्पादों का अवलोकन किया। संकुल अध्यक्ष ने बताया कि संकुल गठन से अब तक 1 करोड़ 18 लाख रूपए का शुद्ध लाभ और बीते वित्तीय वर्ष में 30 लाख रुपए की आय हुई है। सिंह ने हर परिवार को समूह के माध्यम से आजीविका से जोड़े की बात कही।




