छत्तीसगढ़ में राइस मिलर्स के लंबित मांगों पर बनी सहमति, जल्द होगा राशि का भुगतान

CM on Rice Millers: छत्तीसगढ़ के खरीदी केंद्रों से धान का उठाव नहीं होने के कारण जाम की स्थिति और किसानों को धान बेचने में हो रही दिक्कत का समाधान हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शासन स्तर पर इस समस्या के समाधान के लिए लघु उद्योग भारती और भारतीय किसान संघ के साथ राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई, जिससे राइस मिलर्स ने खरीदी केंद्रों से धान का नियमित रूप से उठाव करने और कस्टम मिलिंग जारी रखने का निर्णय लिया है। शासन की ओर से मिलर्स के बीते सालों के बकाया राशि का जल्द ही भुगतान के आश्वासन के साथ उनके अन्य मांगों का हल निकाला गया।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में साय कैबिनेट की बैठक आज, कई अहम फैसलों पर लग सकती है मुहर
मुख्यमंत्री साय की पहल पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल के प्रयासों से बैठक हुई, जिसका परिणाम यह रहा कि उपार्जन केंद्रों से मिलर्स लगातार धान का उठाव करेंगे और तेजी से कस्टम मिलिंग कर अपने-अपने हिस्से का चावल भारतीय खाद्य निगम और नागरिक आपूर्ति निगम में जमा करेंगे। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर से समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी किया जा रहा है। उपार्जन केंद्रों में बड़ी मात्रा में धान की आवक हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर राइस मिलर्स के लंबित राशि का जल्द भुगतान करने का निर्णय लिया गया। राइस मिलर्स ने शासन के इस फैसले पर सहमति जताते हुए केंद्रों से धान का उठाव और मिलिंग करने की सहमति दी है, जिसके चलते उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव तेजी से होगा। (CM on Rice Millers)
ज्यादातर मांगों पर बनी सहमति
सरकार और राइस मिलर्स की बैठक में कई मुद्दों को लेकर चर्चा हुई, जिसमें से ज्यादातर मांगों पर सहमति बन गई है। ऐसे में किसानों को धान बेचने में दिक्कत नहीं आएगी। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों प्रदेश संगठन मंत्री तुलाराम, प्रदेशाध्यक्ष माधव ठाकुर, प्रदेश महामंत्री नवीन शेष और प्रदेश कोषाध्यक्ष गजानंद तिधरसकर समेत लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंघानिया, प्रदेश महामंत्री डॉ सीपी दुबे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मोहन पटेल ने किसानों की समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल के प्रति आभार जताया है। बता दें कि धान खरीदी का यह सिलसिला 31 जनवरी 2025 तक जारी रहेगा। (CM on Rice Millers)



