चित्रकूट सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, छत्तीसगढ़ में भी 5 लोगों की गई जान

Road Accident in Chitrakoot: उत्तरप्रदेश के चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां आज सुबह (6 दिसंबर) बोलेरो और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 5 लोग घायल हो गए हैं। हादसा झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर हुआ है। SP अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बोलेरो में 11 लोग सवार थे, जो मध्यप्रदेश के छतरपुर से प्रयागराज गए थे, जहां से दर्शन करके लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है।
यह भी पढ़ें:- खाई में गिरी तेज रफ्तार कार, हादसे में 6 लोगों की मौके पर मौत, 4 घायल
जानकरी के मुताबिक बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हुई, जो इतनी तेज थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। हादसे में घायल 5 लोगों की हालत बहुत गंभीर है, जो अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। वहीं छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हुए 3 अलग-अलग सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। शुक्रवार सुबह चंद्रपुर के पास नेशनल हाईवे-43 पर स्कॉर्पियो का टायर फट गया, जिसके बाद गाड़ी बेकाबू हो गई और पलट गई, जिसमें 2 महिला और एक पुरुष की मौके पर मौत हो गई। जबकि 2 लोग घायल हैं। पांचों लोग शादी में शामिल होने मनेंद्रगढ़ गए थे, जहां से अंबिकापुर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। (Road Accident in Chitrakoot)
बिश्रामपुर में युवक की मौत
घायलों को जिला अस्पताल से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि सुबह कोहरा और टायर फटने से गाड़ी पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी चकनाचूर हो गई। हालांकि इस दौरान सभी एयरबैग खुल गए। इसके बाद भी 3 लोगों की जान नहीं बच सकी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं बिश्रामपुर में एक तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचल दिया, जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। (Road Accident in Chitrakoot)
स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी की मौत
इधर, प्रतापपुर में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। चंद्रभान भस्कर पटेल प्रतापपुर के स्वास्थ्य केंद्र रामकोला में पदस्थ थे। हादसे के बाद स्थानीयों लोगों और मृतकों के परिजनों ने चक्काजाम कर दिया। साथ ही विश्रामपुर चौक पर करीब 2 घंटे प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की। 2 दिन पहले सूरजपुर में कार और पिकअप के बीच भीषण टक्कर में 3 दोस्तों की मौत हो गई थी। जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए थे। कार के सभी एयरबैग खुलने के बाद भी उनकी जान नहीं बच पाई। वहीं पिकअप के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था। घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र की है। (Road Accident in Chitrakoot)



