Google Analytics —— Meta Pixel

खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने कई धान खरीदी का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Food Minister Dayal Das: खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल ने बेमेतरा के नवागढ़ विकासखंड के अलग-अलग धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। साथ ही धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इस मौके पर धान बेचने आए किसानों से चर्चा कर धान खरीदी के संबंध में जानकारी ली। मंत्री बघेल ने धान खरीदी केंद्र झाल, मुरता, संबलपुर, मारो और गुंजेरा का निरीक्षण किया और शासन के मंशानुरूप किसानों से सुगमतापूर्वक धान खरीदने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:- बस्तर अंचल में अब बह रही विकास की बयार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

उन्होंने खरीदी केंद्र गुंजेरा में स्टॉक और पंजी में अंतर पाए जाने पर अधिकारियों को नोटिस जारी कर जांच करने के निर्देश दिए। मंत्री बघेल ने खरीदी केंद्रों में नापतौल, बारदाने की उपलब्धता, खाली बोरा और भरे बोरी को अपने सामने तौलाकर चेक भी किया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि टार्जन साहू, अजय साहू, एसडीएम मुकेश गौड़, तहसीलदार विनोद बंजारे समेत किसान उपस्थित थे।

मुंगेली में 62 क्विंटल अवैध धान जब्त

मुंगेली जिले में धान के अवैध परिवहन, विक्रय और कोचियों पर कड़ाई से रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन की गठित जांच टीम ने किरना गांव में दो किराना व्यवसायियों के यहां से कुल 157 कट्टा धान जब्त किया, जिसकी मात्रा 62 क्विंटल है। कलेक्टर राहुल देव के निर्देशन में धान की अवैध खरीदी और कोचियागिरी करने वालों पर जिला प्रशासन की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। राजस्व अधिकारियों की टीम जांच पड़ताल के दौरान किरना के किराना दुकान प्रकाश खांडे और बंशी सोनी के यहां पहुंची।

 

टीम ने प्रकाश खांडे के यहां से 100 कट्टा धान जब्त किया। किराना व्यवसायी खांडे ने अवैध रूप से धान का भंडारण कर अपने आंगन में रखा गया था। इसी तरह किरना गांव में ही किराना व्यवसायी बंशी सोनी के यहां दबिश देकर उसके मकान में 57 कट्टा धान जब्त किया। दोनों व्यापारियों ने धान के भंडारण के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए, जिसके बाद टीम ने इसे अवैध भंडारण का मामला मानते हुए जब्ती की कार्रवाई की। इस कार्रवाई में सरगांव तहसीलदार अतुल वैष्णव और हल्का पटवारी रमेश कौशिक समेत कोटवार रामकुमार श्याम शामिल थे।

Back to top button
error: Content is protected !!