71 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे PM नरेंद्र मोदी, देशभर के 45 जगहों पर होगा आयोजन

PM on Appointment Letter: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 दिसंबर को सुबह करीब 10:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनियुक्त भर्तियों के लिए 71,000 से ज्यादा नियुक्ति पत्रों का वितरण करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। रोजगार मेला रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। यह युवाओं को राष्ट्र निर्माण और आत्म-सशक्तिकरण में उनकी भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा। रोजगार मेला देशभर के 45 जगहों पर आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- जब तक कृषि का विकास नहीं होगा, विकसित राष्ट्र एक दूर का सपना बना रहेगा: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़
केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के लिए भर्तियां हो रही हैं। देश भर से चयनित नए कर्मचारी गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग समेत विभिन्न मंत्रालयों-विभागों में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी 23 दिसंबर को शाम 6:30 बजे नई दिल्ली स्थित CBCI सेंटर परिसर में कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित क्रिसमस समारोह में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री ईसाई समुदाय के प्रमुख नेताओं के साथ बातचीत करेंगे, जिनमें कार्डिनल, बिशप और चर्च के प्रमुख नेता शामिल होंगे। यह पहली बार होगा, जब कोई प्रधानमंत्री भारत में कैथोलिक चर्च के मुख्यालय में इस तरह के कार्यक्रम में भाग लेंगे। कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया (CBCI)की स्थापना 1944 में हुई थी और ये संस्था पूरे भारत में सभी कैथोलिकों के साथ मिलकर काम करती है। (PM on Appointment Letter)
प्रधानमंत्री मोदी को कुवैत का सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार
इधर, कुवैत के अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कुवैत के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार ‘द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल-कबीर’ से सम्मानित किया है। इस मौके पर कुवैत के प्रधानमंत्री शेख अहमद अल-अब्दुल्ला अल-अहमद अल-सबाह भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी ने इस पुरस्कार को भारत और कुवैत के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती को, कुवैत में भारतीय समुदाय को और भारत के 1.4 अरब लोगों को समर्पित किया है। 43 सालों के बाद भारत के किसी प्रधानमंत्री की कुवैत की इस ऐतिहासिक यात्रा पर यह पुरस्कार प्रदान किया जाना इस अवसर को और भी विशेष बना देता है। इस पुरस्कार की शुरुआत 1974 में की गई थी और तब से चुनिंदा वैश्विक नेताओं को यह पुरस्कार दिया गया है। (PM on Appointment Letter)



