Google Analytics —— Meta Pixel

Mahila Samman Yojana in Delhi : केजरीवाल की महिला सम्मान योजना पर बवाल, एलजी ने दिए जांच के आदेश

Mahila Samman Yojana in Delhi : दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की 2100 रुपये वाली महिला सम्मान योजना (Mahila Samman Yojana in Delhi ) शुरू होने से पहले ही जांच के घेरे में आ गई है। दिल्ली के उपराज्यपाल ने आज मुख्य सचिव, डिवीजनल कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर को चिट्ठियां लिखकर महिला सम्मान योजना के नाम पर सरकार से बाहर के लोगों द्वारा निजी डेटा इकट्ठा करने की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, ‘आप’ के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि भाजपा महिला सम्मान योजना से बौखला गई है।

यह भी पढ़े :- IND vs AUS : ‘झुकेगा नहीं साला, नीतीश रेड्डी ने कंगारुओं की नाक में किया दम, शतक जड़कर रचा इतिहास

जानकारी के अनुसार, एलजी ने ‘आप’ सरकार द्वारा महिला सम्मान योजना के तहत 2100 रुपये की घोषणा के मामले में डिविजनल कमिश्नर से जांच करने के आदेश दिए हैं। एलजी ने कहा है कि किस तरह गैर सरकारी लोग लोगों का निजी डेटा इकट्ठा कर रहे हैं। एलजी सचिवालय ने पुलिस कमिश्नर से कहा है कि वे उन लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई करें जो लाभ देने की आड़ में डेटा की गोपनीयता भंग कर रहे हैं।

दिल्ली एलजी के प्रिंसिपल सेक्रेटरी ने दिल्ली के मुख्य सचिव और दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को ‘आप’ द्वारा की गई घोषणाओं के संबंध में पत्र लिखा है, जिसमें दिल्ली की 18 साल से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह देने और 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में पुनः जीतने पर इस रकम को बढ़ाकर 2100 रुपये प्रतिमाह करने की बात कही गई है।

पत्र में कहा गया है, “एलजी ने मुख्य सचिव से गैर-सरकारी लोगों द्वारा पर्सनल डेटा और फॉर्म एकत्र करने के मामले में डिवीजनल कमिश्ननर के माध्यम से जांच कराने को कहा है। इसके अलावा, पुलिस कमिश्नर फील्ड अफसरों को निर्देश दे सकते हैं कि वे ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करें जो लाभ देने की आड़ में भोले-भाले नागरिकों की निजी जानकारी एकत्र करके उनकी गोपनीयता का उल्लंघन कर रहे हैं।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर से 3 दिन में मांगी रिपोर्ट

एलजी ऑफिस द्वारा दिल्ली पुलिस कमिश्नर को भेजी गई चिट्ठी में कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित के आवास पर पंजाब सरकार के खुफिया कर्मियों की मौजूदगी के आरोप का जिक्र है। एलजी ने तीन दिन के अंदर इसकी जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।

फॉर्म भरने को लेकर होगी जांच

पत्र में कहा गया है कि एलजी ने मुख्य सचिव से गैर-सरकारी लोगों द्वारा व्यक्तिगत विवरण और फॉर्म एकत्र करने के मामले में संभागीय आयुक्त के माध्यम से जांच कराने को कहा है। इसके अलावा, पुलिस आयुक्त फील्ड अधिकारियों को निर्देश दे सकते हैं कि वे ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करें, जो लाभ देने की आड़ में भोले-भाले नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी एकत्र करके उनकी गोपनीयता का उल्लंघन कर रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो महिला सम्मान योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

क्या है मामला?

दिल्ली में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी ने महिला सम्मान योजना (Mahila Samman Yojana in Delhi) शुरू करने का फैसला किया है। यह योजना भी लाडली बहन योजना की तरह है, जिसमें महिलाओं को आर्थिक मदद दी जाती है। विधानसभा चुनाव जीतने के लिए मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और झारखंड में पहले ही ऐसी योजनाएं शुरू हो चुकी हैं। जब केजरीवाल ने इस योजना का ऐलान किया तो उन्होंने कहा कि पहले महीने महिलाओं को 1000 रुपये मिलेंगे, लेकिन आम आदमी पार्टी फिर से सरकार में आई तो इसे बढ़ाकर 2100 रुपये कर दिया जाएगा।

कुछ दिन बाद दिल्ली सरकार के अफसरों ने अखबार में विज्ञापन देकर केजरीवाल के दावों को फर्जी बताया और कहा कि दिल्ली सरकार ने ऐसी किसी योजना का नोटिफिकेशन नहीं जारी किया है। इधर कांग्रेस और बीजेपी ने नेताओं ने भी इस योजना को लेकर सवाल खड़े किए। इसके बाद एलजी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!