RSS प्रमुख मोहन भागवत के लिए लगी मेडिकल ऑफिसर्स की ड्यूटी, पूर्व CM भूपेश बघेल ने उठाए सवाल

Bhupesh Baghel on Bhagwat: रायपुर में RSS प्रमुख मोहन भागवत के लिए सरकारी मेडिकल स्टॉफ की ड्यूटी लगाई गई है, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तुरंत रद्द करने की मांग की है। दरअसल, संघ प्रमुख मोहन भागवत 5 दिनों के छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। वे 27 को रायपुर पहुंचे थे, जो 31 दिसंबर तक रायपुर में हैं। मोहन भागवत के दौरे के मद्देनजर CMHO ने उनके लिए डॉक्टर और नर्सिंग ऑफिसर की ड्यूटी लगाई है। इसे लेकर पूर्व CM बघेल ने सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़ें:- राष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी हेमबती ने मुख्यमंत्री साय से की मुलाकात, कहा- ओलंपिक में मेडल लेकर आना मेरा सपना
पूर्व CM ने कहा कि मोहन भागवत राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ यानी RSS के प्रमुख हैं। जैसा कि संघी कहते हैं RSS एक सांस्कृतिक संस्था है और इसका भाजपा से कोई लेना देना नहीं। ये कितना बड़ा झूठ है। सच यह है कि RSS कोई पंजीकृत संस्था नहीं है। यानी उसकी कोई वैधानिक स्थिति नहीं है। मोहन भागवत किसी संवैधानिक पद पर नहीं हैं। भले ही उनके नाम से भाजपा नेता थरथर कांपते हों। ऐसे में कलेक्टर महोदय उनका कार्यक्रम किस हैसियत से जारी कर रहे हैं? डॉक्टरों की ड्यूटी किस आधार पर लगाई जा रही है? अगर कलेक्टर भी संघ की सदस्यता ले चुके हैं तो वे सुबह शाखा में जाएं। सरकार और तंत्र का दुरुपयोग गुरुदक्षिणा देने में न करें। यह आदेश तत्काल रद्द किया जाना चाहिए। (Bhupesh Baghel on Bhagwat)

बता दें कि RSS प्रमुख के रायपुर दौरे का आज आखिरी दिन है। दरअसल, RSS की स्थापना 1925 में हुआ था, जो 2025-26 में अपनी स्थापना के शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इसके लिए सरसंघचालक देश के अलग-अलग राज्यों का दौरा कर रहे हैं, जिसके तहत वे छत्तीसगढ़ में संघ के संगठनात्मक मुद्दों और शताब्दी वर्ष में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। RSS ने साल 2025-26 के लिए समाज में जन-जन तक पंच परिवर्तन को पहुंचाने का जिम्मा लिया है। ये पांच परिवर्तन- स्वदेशी, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्य है। (Bhupesh Baghel on Bhagwat)



