बिलासपुर जिले में तीन ठिकानों पर छापा, अवैध रूप से भंडारित 10 लाख रुपए का धान जब्त

Action in Bilaspur: बिलासपुर जिला प्रशासन की टीम ने धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए तीन अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर अवैध रूप से भंडारित 327 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की कीमत 10 लाख रुपए से ज्यादा आंकी गई है। कलेक्टर ने कहा कि अवैध धान भंडारण, विक्रय और परिवहन के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। यह अभियान किसानों और उपभोक्ताओं के हित में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर जारी रहेगा। जानकारी के मुताबिक बेलगहना तहसील के कुसुमखेड़ा गांव में जांच अभियान के दौरान सेवक राम धृतलहरे के घर से 180 बोरी यानी लगभग 72 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया।
यह भी पढ़ें:- EPFO News : नए साल पर पेशनधारकों को सरकार का बड़ा तोहफा, सेंट्रलाइज्ड पेंशन पेमेंट सिस्टम शुरू
मंडी अधिनियम के तहत इस धान को जब्त कर कानूनी कार्रवाई की गई। इसी तहसील के कोनचरा गांव में संयुक्त टीम ने जीतू गुप्ता के घर छापा मारा। वहां 50 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। इसे भी मंडी अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया। कोटा विकासखंड में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान श्रीराम राइस मिल से 513 कट्टे यानी लगभग 205 क्विंटल धान जब्त किया गया। मिल संचालक मंडी शुल्क प्रस्तुत करने में विफल रहा, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। जिला खाद्य अधिकारी अनुराग भदौरिया ने बताया कि अवैध धान विक्रय और भंडारण पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। भोले-भाले किसानों को झांसे में लेकर धान खपाने की मंशा रखने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जब्त माल के साथ-साथ परिवहन करते वाहनों पर भी कठोर कार्रवाई की जा रही है। (Action in Bilaspur)

वहीं धान खरीदी और पीडीएस की व्यवस्था का जायजा लेने बिलासपुर जिले के दौरे पर पहुंचे खाद्य संचालक जितेंद्र शुक्ला ने बिरकोना धान उपार्जन केंद्र में एक ही व्यक्ति द्वारा 9 किसानों के टोकन से धान विक्रय किए जाने का मामला पकड़ में आने पर इसकी जांच के निर्देश दिए। शुक्ला ने खाद्य विभाग और मार्केटिंग फेडरेशन के अधिकारियों को बिरकोना धान उपार्जन केंद्र का तत्काल भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि खाद्य संचालक शुक्ला बिलासपुर जिले के लिंगियाडीह स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के गोदाम और सेंदरी धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण करने के बाद बिरकोना पहुंचे थे। वहां उन्होंने किसानों से धान खरीदी की व्यवस्था को लेकर पूछताछ की। इसी दौरान पूर्व प्रबंधक देवारी लाल यादव द्वारा 09 कृषकों के टोकन से धान बेचने का मामला पकड़ में आया। पूर्व प्रबंधक रहे देवारी लाल यादव को बीते साल उपार्जित धान में शार्टेज की मात्रा अत्यधिक पाये जाने के कारण कलेक्टर द्वारा पदच्युत कर दिया गया था। (Action in Bilaspur)

खाद्य संचालक शुक्ला ने जब इस मामले की मौके पर तहकीकात की तो पता चला कि देवारीलाल कृषक नंद किशोर, रामधन, कृष्ण कुमार द्विवेदी, अमित द्विवेदी, ईश्वर प्रसाद बरेठ, सुशीला रूद्रकर, आनंद यादव, बहोरन तथा मिलिंद के नाम का टोकन रखा हुआ है। उसने बताया कि उक्त कृषकों के खेत को अधिया/रेगहा में लेकर कृषि कार्य किया जाता है। खाद्य संचालक ने इस मामले की जांच के निर्देश दिए। धान उपार्जन केंद्र बिरकोना में अब तक 28,532 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है। खाद्य संचालक शुक्ला ने लिंगियाडीह स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन गोदाम में भण्डारित चावल की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। गोदाम में पीडीएस दुकानों में वितरण के लिए दो माह का चावल भंडारित है। सेंदरी उपार्जन केंद्र में किसानों से चर्चा के साथ ही शुक्ला ने रेंडम तौर पर बोरों के वजन की माप और धान में नमी की जांच की प्रक्रिया भी अपने समक्ष पूरी कराई। उन्होंने प्रबंधक को शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप धान उपार्जन करने के निर्देश दिए। (Action in Bilaspur)




