पत्रकार मुकेश चन्द्रकार हत्याकांड: दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

CM on Journalist Murder: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर के पत्रकार मुकेश चन्द्रकार की हत्या की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस हत्याकांड में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक IPS मयंक गुर्जर के नेतृत्व में 11 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। फॉरेंसिक टीम साइंटिफिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उनके अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें:- Border Gavaskar Trophy : सिडनी में सब हो गया खत्म! सीरीज ऑस्ट्रेलिया के नाम, भारत WTC फाइनल की रेस से हुआ बाहर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। हमारी सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाएगी और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पत्रकारों की स्वतंत्रता और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है। (CM on Journalist Murder)
विशेष जांच दल में ये शामिल
बस्तर IG सुंदरराज पी ने कहा कि पत्रकार मुकेश चन्द्रकार की हत्या के मामले में बीजापुर थाना में केस दर्ज किया गया है। SIT में मयंक गुर्जर के अलावा रूचि वर्मा उप पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा, शरद जायसवाल उप पुलिस अधीक्षक बीजापुर, गीतिका साहू उप पुलिस अधीक्षक बस्तर, दुर्गेश शर्मा निरीक्षक थाना प्रभारी बीजापुर, वीरेंद्र श्रीवास्तव निरीक्षक प्रभारी जिला विशेष शाखा बीजापुर, चंद्रशेखर श्रीवास निरीक्षक प्रभारी फरसापाल जिला दंतेवाड़ा, रिजवान अहमद निरीक्षक रक्षित केंद्र बीजापुर, गौरव तिवारी निरीक्षक रेंज साइबर थाना जगदलपुर, मुकेश पटेल उप निरीक्षक थाना बीजापुर और विवेकानंद पटेल प्रभारी साइबर सेल बीजापुर को शामिल किया गया है। (CM on Journalist Murder)

SIT को मामले की जांच करने और कार्रवाई के संबंध में बीजापुर पुलिस अधीक्षक को रोजाना रिपोर्ट करने का निर्देश IG ने दिया है। वहीं वन मंत्री केदार कश्यप बीजापुर में पत्रकार मुकेश चंद्रकर के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने मुकेश चंद्रकर की हत्या पर शोक जताया। मंत्री कश्यप ने चन्द्रकार के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि हत्या में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले की गहन जांच-पड़ताल और दोषियों को सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पत्रकार मुकेश के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और मृतात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि उनके साथ थे। (CM on Journalist Murder)



