Google Analytics —— Meta Pixel

आज सक्ती जिले के दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, 168 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की देंगे सौगात

CM Sai Sakthi Tour: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज यानी 18 जनवरी को सक्ती जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री साय कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर जेठा के सामने मैदान में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन और हितग्राही सम्मान समारोह में शामिल होंगे। समारोह में मुख्यमंत्री साय सक्ती जिले को 168.25 करोड़ रुपए की लागत राशि के कुल 173 विकास कार्यों का सौगात देंगे, जिसमें 105 करोड़ 78 लाख रुपए से ज्यादा की लागत वाले 82 कार्यों का भूमिपूजन और 62 करोड़ 47 लाख से ज्यादा की लागत से निर्मित 91 निर्माण-विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

यह भी पढ़ें:- शासकीय कार्यों में लापरवाही पर साय सरकार सख्त, बीजापुर से लेकर रायपुर तक अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई

वहीं वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन कबीरधाम जिले के मुख्यालय कवर्धा में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार मंत्री देवांगन कबीरधाम के पीजी कॉलेज इंडोर ऑडिटोरियम में स्वामित्व योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री द्वारा अधिकार अभिलेखों के वर्चुअली वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 2 बजे कबीरधाम से रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 4 बजे रायपुर लौट आएंगे। मंत्री देवांगन 19 जनवरी को सुबह 11.30 बजे मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4 बजे शंकर नगर स्थित शासकीय निवास से कोरबा जिले के चारपारा कोहड़िया के लिए रवाना होंगे। (CM Sai Sakthi Tour)

श्रमिकों को जारी की गई राशि

बता दें कि श्रम मंत्री देवांगन ने 17 जनवरी को शंकर नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में 78 हजार से ज्यादा श्रमिकों के बैंक खाते में 31.81 करोड़ रुपए डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। विष्णुदेव की सरकार में प्रदेश के श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों को लगातार योजनाओं का लाभ तेजी से मिल रहा है। इस अवसर पर अपर आयुक्त श्रम एस. एल. जांगड़े, श्रम कल्याण मंडल के सचिव अभिषेक पांडेय, उपायुक्त श्रम विभाग पैकरा, सहायक श्रमायुक्त आर. के. प्रधान समेत श्रमिक उपस्थित थे। इस दौरान श्रम मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रदेश के श्रमिकों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसका सीधा लाभ श्रमिक भाई-बहनों को मिल रहा है। श्रम मंत्री देवांगन ने कहा कि आगामी शिक्षा सत्र से अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के अंतर्गत श्रमिकों के बच्चों को दाखिला दिलाया जाएगा, जिसका खर्च शासन की ओर से वहन किया जाएगा। मजदूर का बच्चा मजदूर न रहे और पढ़ लिखकर अपना बेहतर मुकाम हासिल कर सके। (CM Sai Sakthi Tour)

Back to top button
error: Content is protected !!