Google Analytics —— Meta Pixel

बस्तर अंचल के पंडी राम मंडावी पद्मश्री सम्मान के लिए चयनित, CM विष्णुदेव साय ने दी बधाई

Pandi Ram Mandavi: बस्तर अंचल के नारायणपुर जिले के जनजातीय कलाकार पंडी राम मंडावी पद्मश्री सम्मान के लिए चयनित हुए हैं, जिसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बधाई और शुभकामनाएं दी है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें पारंपरिक वाद्ययंत्र निर्माण और लकड़ी की शिल्पकला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा। पंडी राम मंडावी 68 साल के हैं, जो गोंड मुरिया जनजाति से संबंधित हैं। वे पिछले पांच दशकों से बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर को न सिर्फ संरक्षित कर रहे हैं, बल्कि उसे नई पहचान भी दिला रहे हैं। उनकी विशेष पहचान बांस की बस्तर बांसुरी के निर्माण में है, जिसे ‘सुलुर’ कहा जाता है।

यह भी पढ़ें:- Republic Day Celebration 2025: राज्यपाल डेका रायपुर में, मुख्यमंत्री साय अंबिकापुर में फहरायेंगे राष्ट्रीय ध्वज

उन्होंने लकड़ी के पैनलों पर उभरे हुए चित्र, मूर्तियां और अन्य शिल्पकृतियों के माध्यम से अपनी कला को वैश्विक स्तर पर पहुंचाया है। पंडी राम मंडावी ने सिर्फ 12 साल की आयु में अपने पूर्वजों से यह कला सीखी और अपने समर्पण-कौशल के दम पर छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। एक सांस्कृतिक दूत के रूप में उन्होंने अपनी कला का प्रदर्शन 8 से ज्यादा देशों में किया है। साथ ही अपने कार्यशाला के जरिए एक हजार से ज्यादा कारीगरों को प्रशिक्षण देकर इस परंपरा को नई पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य किया है। (Pandi Ram Mandavi)

इस साल 139 नामों का ऐलान

बता दें कि केंद्र सरकार ने 2025 के पद्म पुरस्कारों के लिए 139 नामों का ऐलान कर दिया, जिसमें शारदा सिन्हा, ओसामु सुजुकी के साथ ही 7 हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान दिया गया है। वहीं पंकज उधास और सुशील मोदी समेत 19 हस्तियों को पद्म भूषण दिया जाएगा। इनके अलावा राजस्थान की लोक गायिका बतूल बेगम, दिल्ली की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरजा भटला समेत 113 हस्तियों को पद्मश्री से दिया जाएगा। पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न के बाद सबसे महत्वपूर्ण सम्मान हैं, जिन्हें तीन श्रेणियों में पद्म विभूषण, पद्मभूषण और पद्मश्री के तौर पर दिया जाता है। पद्म सम्मान की शुरुआत साल 1954 में भारत सरकार ने की थी। (Pandi Ram Mandavi) 

Back to top button
error: Content is protected !!