खड़गे के बयान से मचा बवाल, बीजेपी ने कहा- सनातनी महाकुंभ में एक हैं, यही कांग्रेस का दर्द
BJP on Kharge Statement: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के गंगा डुबकी वाले बयान पर बवाल मच गया है। इसे लेकर बीजेपी हमलावर हो गई है। UP के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस के लोग हमेशा सनातन संस्कृति के खिलाफ कुछ अनर्गल बयानबाजी करते हैं और उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। दुनिया में हर कोई महाकुंभ की महिमा देख रहा है और सनातन में आस्था रखने वाला हर व्यक्ति प्रयागराज की ओर खिंचा चला आ रहा है। मैं इस बयान को ईशनिंदा मानता हूं और उन्हें माफी मांगनी चाहिए। राजस्थान के डिप्टी CM डॉ प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि बोल खड़गे जी रहे हैं, पर शब्द गांधी परिवार के हैं। आखिर कांग्रेस को हिंदुओं से इतनी नफरत क्यों है? 144 साल में एक बार महाकुंभ आता है, लेकिन कांग्रेस के नेता इस तरह बौखला गए हैं कि हिंदुओं को कोस रहे हैं। पहले कांग्रेस के हुसैन दलवी ने कुंभ को बुरा-भला कहा और अब स्वयं कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने मोर्चा खोल दिया है।
यह भी पढ़ें:- बिना वाद-विवाद के समस्या का हल नहीं हो सकता: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि ‘सनातन गर्व, महाकुंभ पर्व’ के प्रति कांग्रेस पार्टी का यह घृणा भाव कोटि-कोटि हिंदुओं की आस्था पर प्रहार है। महाकुंभ करोड़ों सालों से सनातन आस्था का प्रतीक है, कांग्रेस पार्टी और उसके अध्यक्ष इसका मजाक और माखौल उड़ा रही है। महाकुंभ स्नान को लेकर मल्लिकाकार्जुन खड़गे का बयान अत्यंत शर्मनाक है। क्या इफ्तार पार्टी और हज यात्रा के लिए भी कांग्रेस पार्टी यही शर्मनाक बयान दे सकती है? राहुल गांधी और कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि उनकी विचारधारा इतनी ‘सनातन विरोधी’ क्यों है। यह पहली बार नहीं है कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने सनातन के खिलाफ कुछ कहा हो। इससे पहले उन्होंने कहा था कि अगर वे सत्ता में आए तो ‘सनातन’ को खत्म कर देंगे। राहुल गांधी इटली जाकर डुबकी लगा सकते हैं, हमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन मां गंगा के खिलाफ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करना सही नहीं है। (BJP on Kharge Statement)
गंगा मैया में डुबकी लगाने का मजाक मत उड़ाइये: पात्रा
पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी आप विदेश जाकर स्विमिंग पुल में डुबकी लगाइए, हमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन संगम स्नान और गंगा मैया में डुबकी लगाने का मजाक और माखौल मत उड़ाइये। जब पूरी दुनिया महाकुंभ के बारे में बात कर रही है, तो भारत की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी इसे नकार रही है। महाकुंभ पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को सुनकर करोड़ों लोग दुखी हैं। उन्होंने कहा कि क्या गंगा स्नान करने से गरीबी दूर हो जाएगी? क्या लोगों को रोजगार मिलेगा? क्या मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और सोनिया गांधी किसी अन्य धर्म के लिए ऐसा कह सकते हैं? सनातन धर्म के खिलाफ इस तरह के बयान शर्मनाक हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस को अपनी सनातन विरोधी सोच को स्पष्ट करना चाहिए। राहुल गांधी और सोनिया गांधी को सनातन धर्म में आस्था रखने वाले हर व्यक्ति और पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। (BJP on Kharge Statement)
सनातनी महाकुंभ में सभी एक हैं, यही कांग्रेस का दर्द: दिनेश
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि सनातनी महाकुंभ में सभी एक हैं। सभी लोग मिल रहे हैं यही कांग्रेस का दर्द है। ये लोग सनातन विरोधी हैं और हिंदुत्व पर प्रहार करना इनका शौक है। उत्तर प्रदेश, धार्मिक पर्यटन का केंद्र भारत में ही नहीं बल्कि एशिया में बन गया है। भाजपा नेता एनवी सुभाष ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान स्वीकार्य नहीं है। उन्हें अपने शब्द वापस लेने होंगे। इस तरह के बयान देकर वह न सिर्फ इस देश के 140 करोड़ लोगों का अपमान कर रहे हैं, जहां 144 साल बाद इस तरह का आयोजन हो रहा है। देश और दुनिया भर से कई लोग गंगा में डुबकी लगाने आ रहे हैं। मोदी जी हमेशा देश के संविधान और इसके निर्माता बाबा साहब अंबेडकर का सम्मान करते हैं। अगर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सच्चे हिंदू हैं, तो उन्हें भी महाकुंभ मेले में पवित्र डुबकी लगानी चाहिए। (BJP on Kharge Statement)
कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार ने भी साधा निशाना
मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महूं में सनातन धर्म की आस्था के प्रतीक कुंभ स्नान का मजाक उड़ाया है। कांग्रेस की सोच हमेशा से ही सनातन धर्म विरोधी रही है। भगवान राम के अस्तित्व पर भी कांग्रेस सवाल खड़े कर चुकी है , भगवान राम के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण भी कांग्रेस ठुकरा चुकी है, जिस महाकुंभ में स्नान कर व्यक्ति का जीवन धन्य हो जाता है , उसे पुण्य लाभ मिलता है , उस स्नान का भी , उस पवित्र आस्था का भी ये लोग इस तरह से भाषण में मजाक उड़ा रहे है। खरगे जी का यह बयान धर्म विरोधी है , देश के करोड़ो लोगो की आस्थाओ का तुष्टिकरण के चलते उन्होंने आज मजाक उड़ाया है। इसके लिए देश की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस का हश्र इससे भी बुरा होगा। (BJP on Kharge Statement)



