काम में लापरवाही बरतना पड़ा भारी, पाथरी ग्राम पंचायत के सचिव निलंबित

Pathri Panchayat Secretary: बस्तर जिले के विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत पाथरी के सचिव लखीराम देवांगन को कर्तव्य में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत बस्तर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा अनुशासन और अपील नियम 1999 के तहत यह कार्रवाई की है। शिकायतों के आधार पर पाया गया कि देवांगन अपने मुख्यालय पाथरी में निवास न कर दूरस्थ ग्राम पंचायत तोंगकोंगेरा में रहते हैं और पिछले छह महीनों से कार्यालय में उनकी उपस्थिति बेहद कम रही। इसके अलावा मतदाता सूची पुनरीक्षण, आयुष्मान कार्ड शिविर, ग्राम सभा की बैठकों और योजनाओं से जुड़े कार्यों में घोर लापरवाही बरतने का मामला पकड़ में आया है। निलंबन अवधि में देवांगन का मुख्यालय जनपद पंचायत बकावंड कार्यालय निर्धारित किया गया है।
इधर, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की ओर से बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित 27 चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा समाप्त कर दी गई है। साथ ही 21 चिकित्सा अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। बता दें कि चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों को अपने कर्तव्यस्थल से लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के फलस्वरूप कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लगातार तीन साल से ज्यादा अवधि के लिए अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहते हुए शासन के मूलभूत नियम और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (अवकाश) नियम का उल्लंघन किया था। (Pathri Panchayat Secretary)
चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी
अनुपस्थित अधिकारियों और चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी करके अपना पक्ष प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया गया था। सुनवाई में उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों-विशेषज्ञ चिकित्सकों के पक्ष को सुना गया और उनके प्रस्तुत किए गए अभ्यावेदन पर गंभीरता से विचार करते हुए चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा समाप्त कर दी गई है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि गबन करने के मामले में कोरबा जिले में 6 लोगों के खिलाफ FIR की कार्रवाई की गई है, जिसमें तीन ठेकेदार, दो पूर्व रोजगार सहायक और एक पूर्व आवास मित्र शामिल है। कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के चलते पूर्व रोजगार सहायक प्रकाश चौहान और किरण महंत को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही श्यांग थाने में FIR दर्ज कराई गई है। (Pathri Panchayat Secretary)



