विश्रामपुर चर्च में मसीही समाज ने लिया गौ संरक्षण व संवर्धन का संकल्प, प्रशासन ने मवेशी बाजार पर लगाई रोक
बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम विश्रामपुर स्थित चर्च में मसीही समाज (Masih Samaj) के प्रांतीय अधिकारियों की अगुवाई में सद्भावना सभा का आयोजन किया गया। इस पहल का नेतृत्व गौ पुत्र ओमेश बिशेन एवं नितिन लारेंस (डायोसिस ऑफ छत्तीसगढ़) द्वारा किया गया, जिसमें प्रशासन का भी सहयोग प्राप्त हुआ।
इस सभा में गणेशपुर, विश्रामपुर, जनकपुर सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में मसीही समाज (Masih Samaj) के लोग शामिल हुए। सभी सदस्यों ने गौ संरक्षण एवं गौ संवर्धन का संकल्प लिया और असामाजिक तत्वों, गैरकानूनी कार्यों एवं समाज में द्वेष फैलाने वालों के विरुद्ध कोई भी समर्थन न देने की शपथ ली।
सभा को संबोधित करते हुए गौ पुत्र ओमेश बिशेन ने कहा कि “विश्रामपुर आकर अत्यंत खुशी हुई। आप लोगों ने जिस तरह प्रकृति की रक्षा की है, उसी तरह गौवंश की भी रक्षा करेंगे, यह पूरी उम्मीद है।”
प्रशासन ने गौतस्करी व गौमांस विक्रय पर लगाई रोक
सभा में उपस्थित विश्व हिंदू परिषद (विहिप) जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी (मिकी) ने कहा कि “छत्तीसगढ़ की शांति, सुरक्षा और अखंडता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने बताया कि प्रशासन ने गौतस्करी, गौमांस विक्रय पर रोक लगाने के उद्देश्य से मवेशी बाजार को बंद कर दिया है और गौवंश को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से सभी धर्मों का सम्मान करने और गौ संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
समन्वय बैठक में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर आशीष वाणी, समीर फ्रेंकलिन, गणेशपुर सरपंच जेशु मसीह, विश्रामपुर सरपंच रेखा वाणी, राष्ट्रीय बजरंग दल प्रदेश महामंत्री विक्रांत सिंह, बजरंग दल जिला संयोजक रवि वर्मा, वासुदेव ठाकुर, विजय साहू, रवि यादव, केवल साहू, युगल यादव सहित बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।
गौवंश संरक्षण से प्रकृति की रक्षा का संदेश
सभा के दौरान यह संदेश दिया गया कि गौवंश का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन और प्रकृति की रक्षा से भी जुड़ा हुआ है। सभी धर्मों के लोगों को मिलकर गौ संवर्धन एवं संरक्षण में योगदान देने की अपील की गई। (Masih Samaj)



