Google Analytics —— Meta Pixel

काम में लापरवाही और पदीय गरिमा के विपरीत काम करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 8 टीचर्स समेत 2 HM निलंबित

Action on Teachers: छत्तीसगढ़ में काम में लापरवाही बरतने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। दरअसल, नगरीय निकाय चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में बालोद के गुंडरदेही शासकीय प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक सविता यादव और सहायक शिक्षक नेहा गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि 7 फरवरी को चुनावी सभा में स्कूल के बच्चों की उपस्थिति को न्यूज पोर्टल पर प्रसारित किया गया था, जिससे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ। इस पर रिटर्निंग ऑफिसर ने अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव दिया था, जिसके बाद उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक ने दोनों शिक्षकों को छत्तीसगढ़ नगर पालिका निर्वाचन नियम के उल्लंघन का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।

यह भी पढ़ें:- अंधविश्वास समाज में तब तक बनी रहेंगी, जब तक हम तार्किक और वैज्ञानिक सोच लोगों तक नहीं पहुंचाते: CM साय

इधर, बालोद के हर्राठेमा शासकीय प्राथमिक शाला के सहायक शिक्षक सुभाष सोरी को ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि 23 फरवरी को बेलटिकरी शासकीय प्राथमिक शाला के मतदान केंद्र क्रमांक-97 में निरीक्षण के दौरान वे मतदान अधिकारी क्रमांक 03 के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे, लेकिन नशे की हालत में होने के कारण मतदान कार्य करने में असमर्थ पाए गए। इसके चलते रिजर्व दल से नए मतदान अधिकारी की नियुक्ति करनी पड़ी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक ने छत्तीसगढ़ पंचायत निर्वाचन नियम और सिविल सेवा आचरण नियम के उल्लंघन के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। (Action on Teachers)

पदीय गरिमा के विपरीत काम करने पर निलंबित

वहीं बलरामपुर के वाड्रफनगर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विदाई समारोह में शिक्षक (एल.बी.) संतोष कुमार साहू का छात्राओं के साथ अश्लील गानों पर डांस करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई कर संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग सरगुजा संभाग को प्रतिवेदन प्रेषित किया गया। शिक्षक संतोष कुमार साहू का ये कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा के नियम का स्पष्ट उल्लंघन है। ऐसे में सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग ने शिक्षक संतोष कुमार साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए इनका मुख्यालय बलरामपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय नियत किया है। निलंबन अवधि में संबंधित को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी। (Action on Teachers)

प्रभारी अधीक्षिका निलंबित

सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग ने पहाड़ी कोरवा कन्या शिक्षा परिसर राजपुर की प्रभारी अधीक्षिका जेरमिना कुजूर (प्रधान पाठक) को पदीय दायित्व के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया है। आश्रम/छात्रावासों में निवासरत छात्राओं के सर्वांगीण विकास और शारीरिक विकास के देखरेख समेत समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाने की जिम्मेदारी अधीक्षिका की होती है, लेकिन प्रभारी अधीक्षिका जेरमिना कुजूर ने कक्षा 10वीं में अध्ययनरत और छात्रावास निवासरत छात्रा का देखरेख-संरक्षण उचित प्रकार से नहीं किया, जिसके कारण छात्रा का प्रेम संबंध स्थापित हो गया, जिससे छात्रा गर्भवती हो गई। प्रभारी अधीक्षिका कुजूर ने अपने पदीय दायित्वों को सम्यक रूप से पालन नहीं किया, जो अधीक्षिकीय पदीय दायित्व के निर्वहन में प्रभारी अधीक्षिका के घोर लापरवाही को दर्शाता है। इसलिए उन्हें निलंबित किया गया है। (Action on Teachers)

2 HM समेत 3 शिक्षक निलंबित

प्रभारी अधीक्षिका कुजूर का निलंबन अवधि में मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय रामचन्द्रपुर नियत किया गया है। निलंबन अवधि में जेरमिना कुजूर को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। वहीं बिलासपुर जिला शिक्षा अधिकारी ने बैड टच की शिकायत पर 2 HM समेत 3 शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। बैड टच के दोषी तीन शिक्षकों में दो प्रधान पाठक शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक तखतपुर के खुडियाडीह स्थित स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक अशोक कुमार कुर्रे और बिल्हा के मंगला, पासीद स्कूल के प्रधान पाठक पर छात्राओं ने बैड टच का आरोप लगाया था। मामले की जांच बिल्हा विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक रामकिशोर निर्मलकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। (Action on Teachers)

एक शिक्षक के खिलाफ दर्ज हुई थी FIR

निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय राजेंद्र नगर उच्च माध्यमिक विद्यालय बिल्हा निर्धारित किया गया है। शिक्षक का यह कृत्य शिक्षकीय गरिमा और सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन का मामला है। इन पर विभागीय जांच भी प्रस्तावित की गई है। इसी तरह विकासखंड तखतपुर के खुड़ियाडीह शासकीय प्राथमिक शाला के सहायक शिक्षक अशोक कुमार कुर्रे पर भी कक्षा 5वीं की छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगा था। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने अशोक कुमार कुर्रे को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तखतपुर निर्धारित किया गया है। इससे पहले भी बिलासपुर जिले में बैड टच के मामले में एक शिक्षक को निलंबित करने के साथ ही उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज कराई गई थी। उस शिक्षक ने छेड़छाड़ के मामले में कोर्ट से बरी होने के बाद फिर से एक छात्र के साथ छेड़छाड़ की थी। (Action on Teachers)

Back to top button
error: Content is protected !!