डिप्टी CM अरुण साव ने की नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा, 15 दिनों में सिटी डेवलपमेंट प्लान तैयार के निर्देश

Deputy CM Sao Meeting: डिप्टी CM और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों के साथ सभी नगरीय निकायों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की। छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित समिति कक्ष में आयोजित बैठक में सभी नगर निगमों के आयुक्त, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए। डिप्टी CM साव के साथ नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. और संचालक आर. एक्का भी बैठक में मौजूद थे।
डिप्टी CM अरुण साव ने बैठक में सभी नगरीय निकायों को केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में अच्छी रैंकिंग हासिल करने के लिए पुख्ता तैयारी के निर्देश दिए। आगामी मार्च महीने के पहले हफ्ते में सर्वेक्षण दलों की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण-2024, ओडीएफ और जीएफसी प्रमाणीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। डिप्टी CM साव ने बैठक में सर्वेक्षण के दौरान मूल्यांकन के लिए प्रमुख दस मापदंडों, 54 प्रमुख संकेतको और 166 सह-संकेतकों की जानकारी देते हुए सभी बिंदुओं पर निकायों को वांछित तैयारियां रखने को कहा। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। (Deputy CM Sao Meeting)

उन्होंने इस संबंध में निकायों के अब तक की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। डिप्टी CM साव ने नगरीय क्षेत्रों में दर्शनीय स्वच्छता के लिए सार्वजनिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित सफाई, ट्विन-बिन्स की उपलब्धता, शत-प्रतिशत ठोस अपशिष्ट संग्रहण समेत परिवहन, सीटीयू/ब्लैक स्पॉट/जीवीपी से मुक्त शहर, बैक-लेन/नालियों और जल-स्त्रोतों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी समीक्षा बैठकों में सभी नगरीय निकायों के स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 के परिणामों की निकायवार समीक्षा करने की बात कही। (Deputy CM Sao Meeting)
सिटी डेवलपमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश
डिप्टी CM ने कहा कि निकायों के प्रदर्शन और रैंकिंग के विश्लेषण के बाद इसमें गिरावट पाए जाने पर राज्य शासन स्तर से कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी CM साव ने बैठक में निकायों में लंबित विद्युत देयकों के निपटान और 15वें वित्त आयोग से संबंधित कार्यवाहियां समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी नगरीय निकायों को 15 दिनों में विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप सिटी डेवलपमेंट प्लान तैयार कर संचालनालय भेजने को कहा। सुडा (SUDA) के सीईओ शशांक पांडेय और नगरीय प्रशासन विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य भी समीक्षा बैठक में मौजूद थे। (Deputy CM Sao Meeting)



