भारत में सूफी परंपरा ने अपनी एक अलग पहचान बनाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Delhi Sufi Music Festival: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में आयोजित सूफी संगीत महोत्सव ‘जहान-ए-खुसरो 2025’ में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जहान-ए-खुसरो में आकर मन खुश होना स्वाभाविक है। हजरत अमीर खुसरो जिस बसंत के दिवाने थे वो बसंत यहां दिल्ली के मौसम में ही नहीं बल्कि ‘जहान-ए-खुसरो’ के आवो हवा में घुला हुआ है। यहां महफिल में आने से पहले मुझे तह बाजार घूमने का मौका मिला। ऐसे मौके देश की कला संस्कृति के लिए तो जरूरी होते ही है, साथ ही इनसे एक सुकून भी मिलता है। जहान-ए-खुसरो का ये सिलसिला अपने 25 साल पूरा कर रहा है। इन 25 सालों में इस आयोजन का लोगों के जहन में जगह बना लेना अपनेआप में बड़ी कामयाबी है।
यह भी पढ़ें:- देश में 1 मार्च 2025 से हुए ये 4 बड़े बदलाव, जानिए आप पर कितना पड़ेगा असर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रमजान का मुबारक महीना भी शुरू होने वाला है, मैं आप सभी को और सभी देशवासियों को रमजान की भी मुबारकबाद देता हूं। जहान-ए-खुसरो के इस आयोजन में एक अलग खुशबू है, ये खुशबू हिंदुस्तान की मिट्टी की है। वो हिंदुस्तान, जिसकी तुलना हज़रत अमीर खुसरो ने जन्नत से की थी। हमारा हिंदुस्तान जन्नत का वो बागीचा है, जहां तहज़ीब का हर रंग फला-फूला है। यहां की मिट्टी के मिजाज में ही कुछ खास है। शायद इसलिए जब सूफी परंपरा हिंदुस्तान आई, तो उसे भी लगा कि जैसे वो अपनी ही जमीं से जुड़ गई हो। भारत में सूफी परंपरा ने अपनी एक अलग पहचान बनाई। (Delhi Sufi Music Festival)

PM मोदी ने कहा कि सूफी संतों ने खुद को मस्जिद और खानकाहों तक सीमित नहीं रखा है। उन्होंने पवित्र कुरान के हर्फ पढ़े तो वेदों के शब्द भी सुने, उन्होंने अज़ान की सदा में भक्ति के गीतों की मिठास को जोड़ा। किसी भी देश की सभ्यता, उसकी तहजीब को स्वर उसके गीत-संगीत से मिलते हैं। उसकी अभिव्यक्ति कला से होती है। हजरत खुसरो ने भारत को उस दौर की दुनिया के तमाम बड़े देशों से महान बताया। उन्होंने संस्कृत को दुनिया की सबसे बेहतरीन भाषा बताया। वो भारत के मनीषियों को बड़े-बड़े विद्वानों से भी बड़ा मानते हैं। (Delhi Sufi Music Festival)





