छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष ने किया एजुकेशन हब का निरीक्षण, कहा- जीवन का सर्वश्रेष्ठ समय होता है छात्र जीवन

Raman on Student Life: छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव दौरे के दौरान गौरव पथ स्थित एजुकेशन हब का निरीक्षण किया। इस दौरान सांसद संतोष पांडेय, महापौर मधुसूदन यादव और कलेक्टर संजय अग्रवाल उपस्थित थे। विधानसभा अध्यक्ष ने एजुकेशन हब में शिक्षा सत्र 2025-26 में प्रस्तावित प्रवास विद्यालय शुरू करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि प्रयास विद्यालय के शुरू होने की स्थिति में कक्षा 9वीं के 100 छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा, जो हर साल 100 छात्र-छात्राओं के प्रवेश के साथ कक्षा 12वीं तक संचालित किया जाएगा, जिससे कुल 400 छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे।
प्रयास आवासीय विद्यालय में शाला संचालन के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी विषय विशेषज्ञों से कराई जाएगी, जिससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होगा। कलेक्टर ने बताया कि शिक्षा सत्र 2024-25 में जिले के हर ब्लॉक से कक्षा 10वीं और 12वीं के चयनित छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए 15 दिवसीय आवासीय कोचिंग का संचालन एजुकेशन हब में किया गया था। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह में भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद (नेक) की ओर से बीप्लस प्लस ग्रेड मिलने पर बधाई दी और इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। (Raman on Student Life)

उन्होंने कहा कि छात्र जीवन व्यक्ति का सर्वश्रेष्ठ समय होता है, जो वापस नहीं आता, इसलिए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए। डॉ. रमन ने छत्तीसगढ़ के युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि वे अमेरिका, यूरोप समेत दुनिया के बड़े संस्थानों में अपनी बुद्धिमत्ता से देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने नवीन शिक्षा नीति को रोजगारोन्मुख बताते हुए कहा कि इससे युवाओं के लिए नई संभावनाएं खुलेंगी। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय में अधोसंरचना सुधार, नए कक्षों के निर्माण, नियमित स्टाफ की नियुक्ति और अन्य सुविधाओं के विस्तार के लिए बजट में प्रावधान करने की घोषणा की। इस अवसर पर प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। (Raman on Student Life)
सम्मानित होने वालों में लुमिना, कल्याणी, सोनम चंद्राकर, आंचल कसार, ओमेश्वरी, धनश्री चंचल सोनटेके, लक्ष्मी साहू, सुनील कुमार साकरे, योगिता, नम्रता द्विवेदी, दीपांशु साहू, साहिल राय, अशुतोष उपाध्याय, एकता वर्मा, तरूण कुमार, कार्तिका साहू, मिथलेश साहू, भाविका साहू समेत अन्य छात्र शामिल थे। सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से राजनांदगांव में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हुई है, जिससे क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाएं बेहतर हुई है। उन्होंने महाविद्यालय के रिकॉर्ड रूम के लिए 55 हजार रुपए और साइकल स्टैंड के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि जिले के प्रमुख महाविद्यालयों कमला कॉलेज, दिग्विजय कॉलेज और शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय में विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिल रही है। उन्होंने महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। (Raman on Student Life)

विधानसभा अध्यक्ष शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव और पदक वितरण समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने घोषणा की कि महाविद्यालय के बालक-बालिका छात्रावास के लिए बजट में स्वीकृति दी जाएगी। साथ ही 11 करोड़ रुपए की लागत से एक आधुनिक नालंदा परिसर की तर्ज पर लाइब्रेरी बनाई जाएगी, जहां यूपीएससी, पीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को 24 घंटे अध्ययन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि दिग्विजय महाविद्यालय ने शिक्षा और खेल में राष्ट्रीय के साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, जो पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। समारोह में महाविद्यालय की प्रगति और नई शिक्षा नीति के प्रभाव पर भी चर्चा हुई। (Raman on Student Life)

उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति को 2022 से क्रियान्वयन करने का कार्य दिग्विजय महाविद्यालय ने किया है। नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं या रोजगार मूलक कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए मदद करता है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय महाविद्यालय की पृष्ठभूमि पूरे छत्तीसगढ़ में अलग पहचान बनाती है। सरोवर के पास होने के कारण दिग्विजय महाविद्यालय का परिसर बहुत शानदार है। इस महाविद्यालय में साढ़े 5 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। यहां के विद्यार्थी पीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ रहे हैं। इस महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीता है। महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा है, यह सराहनीय है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने महंत राजा दिग्विजय दास को याद करते हुए कहा कि वे कल्पनाशील और विवेकशील थे, जिन्होंने खेल और शिक्षा में अपनी पहचान बनाई थी। (Raman on Student Life)

डॉ. रमन सिंह ने बताया कि महंत राजा दिग्विजय दास स्वयं हॉकी के बहुत अच्छे खिलाड़ी थे। इसलिए छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव हॉकी की नर्सरी है। डॉ. सिंह ने कहा कि महंत राजा दिग्विजय दास विदेश में जाकर शिक्षा ग्रहण किए। वे शिक्षा के प्रति जागरूक थे। उनकी कल्पना थी कि राजनांदगांव के बच्चे अच्छी शिक्षा ग्रहण करें। इसके लिए राजा दिग्विजय दास ने अपना पूरा राजमहल का परिसर को शिक्षा के लिए दे दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा के प्रसार में उनका योगदान निश्चित रूप से सदियों तक याद किया जाएगा। इस महाविद्यालय से हर साल बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययन कर निकल रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि दिग्विजय महाविद्यालय एक गौरवशाली महाविद्यालय है। प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र, पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी, गजानन माधव मुक्तिबोध, पंडित किशोरी लाल शुक्ल जैसे अद्भुत विद्यावान व्यक्ति जो मानस के मर्मज्ञ थे। ऐसे व्यक्तियों ने इस परिसर में रहकर शिक्षा प्रदान की और इस क्षेत्र को पवित्र किया। यह महाविद्यालय परिसर प्रेरणादायी है। (Raman on Student Life)




