Google Analytics —— Meta Pixel

डोनाल्ड ट्रंप के बयान से भारत में मचा बवाल, कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

Congress on Trump Statement: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति का कहना है कि वो भारत को बेनकाब कर रहे हैं। ये भारत का अपमान है। ट्रंप ने ये भी कहा कि उनसे डरकर नरेंद्र मोदी ने टैरिफ कम कर दिए। नरेंद्र मोदी को बताना चाहिए कि ट्रंप को खुश करने के लिए क्या समझौते किए गए? देश के सम्मान को गिरवी क्यों रखा गया? ये बेहद गंभीर मामला है। इस पर मोदी सरकार को देश को जवाब देना चाहिए। साथ ही सर्वदलीय बैठक बुलाकर इससे जुड़े हर मुद्दे पर चर्चा हो, ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि राष्ट्रहित सर्वोपरि हो।

यह भी पढ़ें:- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प बोले- हमने पोल खोली इसलिए भारत टैरिफ में कटौती को लेकर तैयार 

इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने AICC मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप ने कहा – मैंने भारत की पोल खोल दी है, इसलिए अब वह अपने टैरिफ कम करने को मान गए हैं। ऐसा लग रहा है किसी ने भारत को धमकाया और अपनी बात मानने को मजबूर कर दिया। हमने जब से यह शब्द सुने, मन को बहुत दुख हुआ। कुछ हफ्ते पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका गए थे। उनकी मौजूदगी में भारत को रेसिप्रोकल टैरिफ के नाम पर धमकाया जा रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं कहा- ऊपर से मुस्कुरा रहे थे। यहां तक कि जब प्रधानमंत्री वहां से लौटे, तो उसके कुछ घंटों बाद एक हवाई जहाज भारत में उतरा, जिसमें हमारे लोग बेड़ियों से जकड़े हुए थे। ये देखकर बहुत दुख होता है। (Congress on Trump Statement)

अमेरिका के राष्ट्रपति अपमानित कर रहे हैं: खेड़ा

उन्होंने कहा कि हमारे मन में भारत के प्रधानमंत्री पद की गरिमा और ताकत की एक छवि बनी हुई है। वो छवि बनी 1971 में बांग्लादेश के वक्त, जब अमेरिका ने हमें धमकाया, अपना सातवां बेड़ा भेज दिया। हम नहीं झुके और बांग्लादेश को आजाद कराया। 1974 में पोखरन में जब अमेरिका ने हमें रोकने के लिए तारापुर प्लांट का फ्यूल रोक दिया। हम तब भी नहीं दबे, नहीं डरे। पोखरन-2 के समय अटल जी प्रधानमंत्री थे। तब भी हमें डराया-धमकाया गया, मगर हम नहीं डरे। आज हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री पद की छवि की ऐसी हालत क्यों हो गई? यह सवाल हम सबको पूछना चाहिए। अभी मंत्री पीयूष गोयल व्यापार पर बातचीत करने के लिए अमेरिका गए हुए हैं और अमेरिका के राष्ट्रपति अपमानित करते हुए घोषणा कर रहे हैं कि भारत टैरिफ कम करने को मान गया, लेकिन सरकार की तरफ से कोई घोषणा नहीं हुई। (Congress on Trump Statement)

‘नाम नरेंद्र – काम सरेंडर’: खेड़ा

खेड़ा ने कहा कि किसी को कुछ नहीं मालूम। न विपक्ष को मालूम, न मीडिया को, न देश को, न कैबिनेट को। अगर आज हमारे प्रधानमंत्री भारत को यूं कमजोर करके लौट आते हैं तो विश्व पटल पर भारत को गंभीरता से कैसे लिया जाएगा? नेपाल के लोग जब अमेरिका से लौट कर आए, तब वे बेड़ियों में नहीं जकड़े थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में शेर की तरह दहाड़ते हैं, लेकिन बाहर जाकर ‘मिट्टी के शेर’ बन जाते हैं। ‘नाम नरेंद्र – काम सरेंडर’। हम इस मिट्टी के शेर को भारत की छवि से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दे सकते। एक तरफ ट्रंप, नरेंद्र मोदी से गले मिल रहे हैं, दूसरी तरफ अर्थव्यवस्था का गला काट रहे हैं- इसमें मोदी सरकार को कोई दिक्कत नजर नहीं आती। यह साबित हो गया है कि प्रधानमंत्री के लिए उनकी छवि देश की आर्थिक स्थिति से बढ़कर है। (Congress on Trump Statement)

PM और विदेश मंत्री एक शब्द नहीं बोल रहे: खेड़ा

कांग्रेस नेता ने कहा कि तमाम देश अमेरिका को जवाब दे रहे हैं, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एक शब्द नहीं बोल रहे हैं। आखिर ये लोग क्यों डर रहे हैं? टैरिफ की सबसे बड़ी चोट इस देश के लघु उद्योग को पड़ेगी। हमारे देश को सालाना 60 हज़ार करोड़ रुपए का नुकसान होगा। इसकी चोट नरेंद्र मोदी के क्रोनी कैपिटलिस्ट दोस्तों को नहीं पड़ेगी। सवाल यह है कि जब कनाडा, मेक्सिको और नेपाल भी अमेरिका से नहीं डर रहे, तो नरेंद्र मोदी को किस बात का डर है? बड़ी-बड़ी अमेरिकी कंपनियां भारत के बाजार में हैं, लाभ उठा रही हैं। अगर अमेरिका एक विकसित देश है, उसकी कंपनियां हमारे बाजार में आकर दुकान खोल रही हैं, तो भारत एक विकासशील देश है, हम भी अपने हितों की रक्षा करेंगे। अगर मोदी सरकार कोई जवाबी कार्रवाई करती है, हम विपक्ष की हैसियत से उसके साथ खड़े दिखेंगे। बस इतना बता दें- आप घर पर ही शेर बने हुए हैं या बाहर भी कभी दहाड़ेंगे? (Congress on Trump Statement)

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी साधा निशाना

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति का जो यह बयान आया है कि भारत अमेरिका के दबाव में अपने कस्टम टैरिफ को कम कर रहा है, इससे दुर्भाग्यपूर्ण और कोई बात नहीं हो सकती क्योंकि भारत की एक परंपरा, विरासत रही है कि भारत किसी देश के सामने झुका नहीं है और यह न सामरिक दृष्टिकोण से, न विदेश नीति के दृष्टिकोण से और न ही यह ट्रेड नीति के दृष्टिकोण से उचित है। इससे बेहतर है कि अमेरिका जो रेसिप्रोकल टैरिफ लगाना चाह रहा है उसको स्वीकार करें। सरकार को साफ तौर पर स्पष्टीकरण देना चाहिए कि क्या वह अमेरिका के दबाव में अपने टैरिफ घटा रहा है? क्या राष्ट्रपति ट्रम्प का यह बयान सही है? और इस बात को संसद में भी उठाया जाएगा। (Congress on Trump Statement)

Back to top button
error: Content is protected !!