विश्व शांति अखंड ब्रह्मयज्ञ में शामिल हुए CM साय, कहा- सनातन परंपरा ने सहा हर आघात, फिर भी रही अटूट

Vishwashanti Akhand Brahmayagya: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के गॉस मेमोरियल ग्राउंड में आयोजित 3 दिवसीय ‘विश्व शांति अखंड ब्रह्मयज्ञ’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। साथ ही संतों और भक्तों का छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर स्वागत किया और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि-कल्याण की कामना की। CM साय ने कहा कि भारत की सनातन परंपरा में ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना रची-बसी है। यही वह सोच है, जो भारत को विश्व में अद्वितीय बनाती है- जहां विविध आराध्य और परंपराएं एक ही परिवार की तरह सह-अस्तित्व में रहती हैं।
यह भी पढ़ें:- म्यांमार में भूकंप से 800 से ज्यादा लोगों की मौत, भारत ने ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत भेजी मदद
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतवर्ष संतों, ऋषियों और तपस्वियों की तपोभूमि रहा है। प्राचीन काल से ही सनातन परंपरा पर समय-समय पर कई आघात हुए, लेकिन यह परंपरा कभी नहीं टूटी। सत्य सनातन आलेख महिमा धर्म विकास समिति की ओर से आयोजित यह यज्ञ, उसी परंपरा को और भी सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आलेख महिमा के संतों से उनका विशेष आत्मीय संबंध रहा है। उनका आशीर्वाद ही है, जिसने उन्हें जनसेवा का सौभाग्य दिलाया। उन्होंने बताया कि जशपुर के इला गांव, रायगढ़ के सरिया, हिमगिर आदि में संतों के आश्रम स्थापित हैं। रायपुर में भी आश्रम के लिए स्थान उपलब्ध कराने का आश्वासन मुख्यमंत्री ने संतों को दिया। (Vishwashanti Akhand Brahmayagya)
‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना बनी फिर से श्रद्धा की डगर’
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ को दोबारा शुरू कर दिया है, जो बीते सरकार के कार्यकाल में पूरी तरह बंद हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि 27 मार्च को मैंने 780 श्रद्धालुओं को तीर्थयात्रा पर रवाना किया, जो रामेश्वरम, मदुरई और तिरुपति के दर्शन कर रहे हैं। उन्हें विदा करते समय जो आत्मसंतोष मिला, वह अवर्णनीय था। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की भूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। यहां के जन-जन में श्रवण कुमार जैसे संस्कार आज भी जीवित हैं। तीर्थ यात्रा करवाना सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि हमारे मूल्यों और परंपराओं का सम्मान है। (Vishwashanti Akhand Brahmayagya)

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘श्रीरामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना’ के तहत अब तक 22,000 से ज्यादा श्रद्धालु भगवान श्रीराम और काशी विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने राजिम कुंभ के आयोजन की भी चर्चा की, जो प्रदेश की अध्यात्मिक पहचान बन चुका है। कार्यक्रम को संत किशोर चंद्र बाबा, संत वासुदेव बाबा, संत उदयनाथ बाबा और विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और संपत अग्रवाल ने भी संबोधित किया और आयोजन की सराहना की। (Vishwashanti Akhand Brahmayagya)




