रेलवे में हड़कंप: कामाख्या एक्सप्रेस की 11 बोगियाँ पटरी से उतरीं

Kamakhya Express Accident : ओडिशा के कटक जिले में आज रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जिसमें बेंगलुरु से कामाख्या (असम) जा रही कामाख्या एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12551) की 11 बोगियाँ पटरी से उतर गईं। यह घटना (Kamakhya Express Accident) कटक-निर्गुंडी रेलखंड के निर्गुंडी स्टेशन के पास सुबह करीब 11:54 बजे हुई। यह ट्रेन एसएमवीटी बेंगलुरु से कामाख्या तक की यात्रा पर थी।
यह भी पढ़े :- देश की जनता को जागरूक और सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है ‘मन की बात’ : मुख्यमंत्री साय
पूर्व तट रेलवे (ईसीओआर) के अधिकारियों के अनुसार, सभी 11 डिब्बे एसी कोच थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। हादसे के तुरंत बाद रेलवे ने relief ट्रेन और चिकित्सा सहायता टीम को घटनास्थल पर भेजा। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी, जिसमें खुरदा रोड के डिविजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) और ईसीओआर के महाप्रबंधक शामिल हैं, मौके पर पहुँच गए हैं।
हादसे का कारण अभी अस्पष्ट
ईसीओआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार मिश्रा ने बताया, “हमें सुबह 11:54 बजे ट्रेन के पटरी से उतरने की सूचना मिली। सभी यात्री सुरक्षित हैं और कोई घायल नहीं हुआ। दुर्घटना राहत ट्रेन और चिकित्सा उपकरण मौके पर भेजे गए हैं।” हादसे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। रेलवे ने इसकी विस्तृत जाँच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह दुर्घटना क्यों हुई। मिश्रा ने कहा, “हमारा पहला लक्ष्य प्रभावित मार्ग पर ट्रेन सेवाओं को बहाल करना है। इसके बाद कारणों की जाँच की जाएगी। (Kamakhya Express Accident)
यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
हादसे के बाद रेलवे ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएँ शुरू की हैं। एक विशेष ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है, और प्रभावित मार्ग पर कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं:
कटक: 8991124238
भुवनेश्वर: 8455885999
नेताओं की प्रतिक्रिया
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मजूमदार ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा, “निर्गुंडी स्टेशन के पास कामाख्या एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की खबर से मैं बहुत चिंतित हूँ। यह सौभाग्य की बात है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। अधिकारी मौके पर हैं और सामान्य स्थिति बहाल करने में जुटे हैं।” वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी ट्वीट कर कहा, “मैं इस घटना से अवगत हूँ। असम सीएमओ ओडिशा सरकार और रेलवे के संपर्क में है। हम हर प्रभावित व्यक्ति तक पहुँचेंगे।”
रेल सेवाओं पर असर
इस हादसे के कारण कटक-निर्गुंडी रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है, जिसमें धौली एक्सप्रेस (12822), नीलांचल एक्सप्रेस (12875), और पुरुलिया एसएफ एक्सप्रेस (22606) शामिल हैं। रेलवे ने बताया कि बहाली का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।



