वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर नहीं थम रहा विवाद, विपक्ष ने इसे बताया सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के लिए योजना
Waqf Amendment Bill: वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस बीच सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि इस देश में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के लिए योजना बनाई गई थी। वक्फ संशोधन बिल बनाया गया और जल्दी और जबरदस्ती से इसे JPC में पास करवाया गया। विपक्ष को एक दिन पहले 1000 पन्नों की रिपोर्ट पढ़ने के लिए दी गई थी जिसे पढ़ने का भी मौका नहीं मिला। भाजपा जब से सत्ता में आई है उसका उद्देश्य रहा है कि कैसे इस देश में आपसी सद्भाव बिगड़े। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि वक्फ पर कांग्रेस का बहुत साफ रुख है। JPC जब बनी थी तो हमने अपने सारे संशोधन रख दिए थे, लेकिन वहां उसे माना नहीं गया था। जब वक्फ संशोधन बिल सदन में आएगा तो हम वैसे ही अपने विचार रखेंगे जैसे JPC में रखे थे।
यह भी पढ़ें:- अप्रैल महीने में छुट्टियों की भरमार, जानिए कब-कब बंद रहेंगे बैंक
शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि हर रविवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू अगले हफ्ते की बात करते हैं वक्फ (संशोधन) बिल लाया जाएगा… या तो वे जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं, या फिर वे चाहते ही नहीं हैं कि बिल पेश हो क्योंकि उनके पास पूर्ण समर्थन नहीं है…रोज-रोज एजेंडा तैयार करना दिखाता है कि वे किसी जरूरी चीज से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। बहुत सारे देश के मुद्दे हैं जिससे ध्यान भटकाने के लिए यह एजेंडा लाया जाता है लेकिन एजेंडा के अनुसार काम नहीं होता है। कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि अगर अल्पसंख्यकों को और ज्यादा पीछे की ओर धकेला जाएगा तो उनमें एकाकीपन आएगी जिससे कट्टरता और दूसरे सवाल बढ़ेंगे। यह और कुछ नहीं बल्कि केंद्र सरकार की हठधर्मिता है और इस हठधर्मिता का नतीजा इस देश के सौहार्द को भुगतना पड़ेगा। जब सौहार्द नहीं रहेगा तो भारत का विकास भी कुप्रभावित होगा। हमारा जो भारत को महान बनाने का लक्ष्य है, उससे हम थोड़ा और पीछे हट जाएंगे। (Waqf Amendment Bill)
AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने सरकार को घेरा
AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि हम सुन रहे हैं कि ईद के बाद वक्फ विधेयक संसद में लाया जाने वाला है, लेकिन लोकसभा में इस विधेयक का पारित होना बहुत मुश्किल है, क्योंकि वहां भाजपा के पास बहुमत नहीं है। अगर भाजपा को यह विधेयक पारित करना है तो पार्टी को चंद्रबाबू नायडू, नीतीश कुमार, चिराग पासवान और जयंत चौधरी का समर्थन प्राप्त करना आवश्यक होगा। अगर ये लोग विधेयक का समर्थन करते हैं तो भारत के मुसलमान उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। यह विधेयक असंवैधानिक है। यह अनुच्छेद 14, 25 और 26 का पूरी तरह से उल्लंघन है। आप मुस्लिम वक्फ बोर्ड में किसी गैर-मुस्लिम को कैसे शामिल कर सकते हैं? वक्फ संशोधन विधेयक भाजपा की पूर्व नियोजित साजिश का नतीजा है, जिसके तहत वे मुसलमानों की जमीन हड़पना चाहते हैं। वक्फ को बचाने के लिए ऐसा करने का उनका दावा बिल्कुल झूठा है। (Waqf Amendment Bill)
अखिलेश यादव ने कही बिल के विरोध की बात
सपा अध्यक्ष और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि ज्यादातर देश के दल वक्फ बिल के खिलाफ है बड़े पैमाने पर राजनीतिक दल इसके खिलाफत करेंगे। सपा भी इस बिल का विरोध करती है और ये बिल जब सदन में आएगा इसका विरोध किया जाएगा। वहीं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि कहां बहस और चर्चा की बात हो रही है या किस लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का या संसदीय प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है? सदन में नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा है, माइक बंद कर दिए जाते हैं। सारी संसदीय परंपराओं को ध्वस्त किया जा रहा है। विपक्ष को अपनी आवाज उठाने की अनुमित ही नहीं है। वक्फ संशोधन विधेयक पर बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य प्रमोद बोरो ने कहा कि विभिन्न दलों की अलग-अलग राय है। मैं इस मुद्दे पर टिप्पणी नहीं करना चाहता, क्योंकि यह एक संवेदनशील मुद्दा है। मैं अपना अध्ययन कर रहा हूं और बाद में टिप्पणी करूंगा। (Waqf Amendment Bill)



