पटाखा फैक्ट्री का फटा बॉयलर, अब तक 21 मजदूरों की मौत

Gujarat Firecracker Factory Accident: गुजरात के बनासकांठा में भीषण हादसा हुआ है, जहां के डीसा में सुबह पटाखा फैक्ट्री में बॉयलर फटने से मध्यप्रदेश के 21 मजदूरों की मौत हो गई है। जबकि 5 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। फैक्ट्री डीसा तहसील के धुनवा रोड पर है, जहां विस्फोट के दौरान मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि कई मजदूरों के अंग 50 मीटर दूर तक बिखर गए। फैक्ट्री के पीछे खेत में भी कुछ मानव अंग मिले हैं। फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। हादसे को लेकर PM नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। साथ ही मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए की मदद का ऐलान किया है।
यह भी पढ़ें:- देश में सबसे ज्यादा नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 12 से घटाकर हुई 6: केंद्रीय गृहमंत्री शाह
जानकारी के मुताबिक हादसे के शिकार सभी मृतक और घायल मध्यप्रदेश के हरदा जिले के हंडिया गांव के रहने वाले हैं, जो 2 दिन पहले ही मजदूरी के लिए आए थे और पटाखा बनाने का काम कर रहे थे। डीसा SDM नेहा पांचाल ने बताया कि घटना में घायल सभी लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। ये 40 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जांच जारी है। पटाखा फैक्ट्री दीपक ट्रेडर्स नाम की खूबचंद सिंधी की है, जो फैक्ट्री में विस्फोटक लाकर पटाखा बनवाते थे। हालांकि अब तक की जांच में पता चला है कि कंपनी मालिक के पास सिर्फ पटाखे बेचने का लाइसेंस है, बनाने का नहीं। इसलिए पुलिस मामले की जांच में जुटी है। (Gujarat Firecracker Factory Accident)


हादसे में घायल शख्स ने बताया कि अचानक तेज धमाका हुआ और हम बेहोश हो गए। हम सभी फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे थे, तभी अचानक धमाका हुआ। हमें पता ही नहीं चला कि आखिर क्या हुआ था, धमाका बहुत तेज था। आग में जान गंवाने वालों में 10 मजदूर देवास के है, जिसे लेकर DM ऋतुराज सिंह ने कहा कि बनासकांठा के एक पटाखा फैक्ट्री में आग की घटना में देवास जिले के 10 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है, ये लोग वहां मजदूरी करने गए थे। जानकारी के मुताबिक ये लोग 2 ही परिवार के थे। हमारी ओर से संवाद जारी है। मृतकों के शव को लाने के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। (Gujarat Firecracker Factory Accident)

बनासकांठा कलेक्टर मिहिर पटेल ने कहा कि धमाके के बाद पूरा RCC स्लैब ढह गया था। राहत दल ने मलबा हटा दिया है। पुलिस जांच जारी है। कच्छ IG रेंज चिराग कोराडिया ने कहा कि मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है और जांच चल रही है। SIT का गठन किया गया है। बनासकांठा SP अक्षयराज मकवाना ने कहा कि स्लैब के ढह जाने से लोगों की मृत्यु हुई है। हमने FIR दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर, दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में एक पार्किंग में आग लग गई। गोकलपुर फायर स्टेशन के फायर ऑफिसर मनोज त्यागी ने बताया कि दोपहर 2:40 पर आग की जानकारी मिली थी। मौके पर 9 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। 1 गाड़ी और कुछ रिक्शा आग की चपेट में आए हैं। आग पर काबू पाने में लगभग 1 घंटे का समय लगा है। (Gujarat Firecracker Factory Accident)




