बुर्के में कौन बबलू या बबली : शोरूम से 30 लाख उड़ा ले गया, गार्ड अभी भी नींद में
रायपुर। राजधानी के पंडरी इलाके में स्थित कपड़ा शोरूम श्री शिवम् में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक शातिर चोर ने बुर्के का सहारा लेकर 30 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दे दिया। खास बात यह रही कि पूरी वारदात के दौरान गार्ड को भनक तक नहीं लगी, और चोर बड़ी चालाकी से फरार हो गया। चोरी का खुलासा तब हुआ जब सुबह स्टाफ ने शोरूम खोला और कैश गायब पाया। घटना के बाद शोरूम मैनेजमेंट की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
चोरी का फिल्मी प्लान: कैसे दिया वारदात को अंजाम?
जानकारी के मुताबिक, यह चोर दुकान बंद होने से आधा घंटा पहले, रात 10:30 बजे बुर्का पहनकर शोरूम में घुसा। उसने ग्राहक बनकर कपड़े देखने का नाटक किया और फिर चौथी मंजिल के वॉशरूम में छिप गया।
शोरूम के बंद होने के बाद, रात करीब 1 बजे, चोर बाहर निकला और सीधे कैश काउंटर पहुंचा। उसने गल्ले का लॉक तोड़ा, 30 लाख कैश निकाला, और फिर छत से रस्सी के सहारे नीचे उतरकर फरार हो गया।
तीन दिन की बैंक बंदी का उठाया फायदा!
पुलिस को शक है कि चोर ने इस वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया, क्योंकि शनिवार, रविवार और सोमवार को बैंक बंद थे, जिससे शोरूम के गल्ले में भारी मात्रा में कैश जमा था।
सीसीटीवी में दिखा सुराग: स्टाफ की मिलीभगत का शक!
शोरूम के सीसीटीवी फुटेज में चोर को ईयरफोन लगाए देखा गया, जिससे पुलिस को शक है कि वह किसी से लगातार निर्देश ले रहा था।
इसके अलावा,
•चोर को शोरूम की पूरी जानकारी थी—कब स्टाफ काम समेटता है, कब लाइट बंद होती है, कब गार्ड तैनात होता है।
•रस्सी के सहारे चार मंजिला इमारत से उतरना आसान नहीं, जिससे पुलिस को लगता है कि या तो चोर पेशेवर था या उसने पहले से इसकी प्रैक्टिस कर रखी थी।
स्टाफ का कोई पूर्व कर्मचारी तो नहीं? पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने शक के आधार पर एक कर्मचारी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह चोर शोरूम का कोई पूर्व कर्मचारी तो नहीं था, जिसे अंदर की पूरी जानकारी थी।
फिलहाल, पुलिस की जांच जारी है और शहरभर में इस रहस्यमयी चोरी की चर्चा जोरों पर है!



