Google Analytics —— Meta Pixel

वक्फ के संशोधन से लश्कर-ए-लूट की छूट पर सर्जिकल स्ट्राइक की गई: मुख्तार अब्बास नकवी

Waqf Amendment Bill 2025: भारत में वक्फ संशोधन बिल अब कानून बन गया है, लेकिन इसे लेकर राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि वक्फ के संशोधन से साफ है कि लश्कर-ए-लूट की छूट पर सर्जिकल स्ट्राइक की गई है। ऐसे में आपको कुछ ऐसे ही लोग उत्पात मचाते नजर आएंगे और मुझे दुख है कि एक तरफ लश्कर-ए-तबाही है और दूसरी तरफ लश्कर-ए-तुष्टीकरण है। चोट लग रही है कि लश्कर-ए-तबाही को और चीख निकल रही है लश्कर-ए-तुष्टिकरण की। मुझे लगता है कि हमें उन लोगों से सावधान रहना होगा, जो इस तरह के भ्रम के माहौल के जरिए सामाजिक सद्भाव के ताने-बाने को नष्ट करने की साजिश करना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में युवा फोटोग्राफरों को मिलेगा इंटर्नशिप का मौका, नवा रायपुर में फोटोग्राफर्स की हुई मास्टरक्लास

उन्होंने कहा कि वक्फ का संशोधन किसी धर्म के लिए नहीं, बल्कि देश का कानून है। इसमें आस्था का सरंक्षण और व्यवस्था का सुधार भी है, जो लोग हिंसा कर रहे हैं, वे अक्षम्य हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वहां की सरकार इस तरह से हिंसा करने वाली ताकतों को संरक्षण और समर्थन देती नजर आ रही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के हिसार में कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति ने मुस्लिम समुदाय को कोई फायदा नहीं पहुंचाया, बल्कि उन्हें नुकसान ही पहुंचाया। कांग्रेस ने सिर्फ कुछ कट्टरपंथियों को खुश करने का विकल्प चुना। बाकी समाज बेहाल रहा, अशिक्षित रहा, गरीब रहा। कांग्रेस की इस कुनीति का सबसे बड़ा प्रमाण वक्फ कानून है। वक्फ के नाम पर लाखों हेक्टेयर जमीन है। अगर वक्फ संपत्तियों का लाभ जरूरतमंदों को दिया जाता तो उन्हें फायदा होता, लेकिन इन संपत्तियों का फायदा भू-माफियाओं को मिला। (Waqf Amendment Bill 2025)

PM मोदी ने भी साधा निशाना

PM मोदी ने कहा कि इस संशोधित वक्फ कानून से गरीबों की लूट बंद होगी। अब नए वक्फ कानून के तहत किसी भी आदिवासी की जमीन को हिंदुस्तान के किसी भी कोने में उसकी संपत्ति को ये वक्फ बोर्ड हाथ भी नहीं लगा पाएगा। नए प्रावधानों से वक्फ की पवित्र भावना का सम्मान होगा। मुस्लिम समाज के गरीब और पसमांदा परिवारों, महिलाओं, खासकर मुस्लिम विधवाओं को, बच्चों को उनका हक भी मिलेगा और उनका हक सुरक्षित भी रहेगा। यही असली सामाजिक न्याय है। वक्फ संशोधन अधिनियम पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि हमारी पार्टी और हमारे गठबंधन ने इसका विरोध किया, लेकिन सरकार ने इसे संख्या बल के आधार पर पारित करवा लिया है। कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा। ये बिल सिर्फ लोगों का ध्यान हटाने के लिए बनाया गया है, जो अमेरिका ने टैरिफ लगा दिया है, जो अर्थव्यवस्था के हाल हो गए हैं। इस ध्यान हटाने के लिए सरकार इस प्रकार की कार्रवाई हमेशा करती आई है, लेकिन सरकार इसे कोई फायदा नहीं पहुंचा रही है, बल्कि तोड़ने का काम कर रही है। (Waqf Amendment Bill 2025)

धर्म के नाम पर विभाजित करना गलत: पायलट 

पायलट ने कहा कि धर्म के नाम पर सरकार लोगों को विभाजित करना चाहती है, जो कि बहुत ही गलत है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि हम वक्फ बिल के खिलाफ हैं। हम समझते हैं कि यह विधेयक गलत है। यह विधेयक संविधान के खिलाफ है। JMM नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि वक्फ संशोधन अधिनियम संविधान के अनुच्छेद 25-28 के खिलाफ है। अगर हम वक्फ की जमीनों की बात करें तो जमीन हमेशा राज्य का विषय होती हैं। प्रत्येक राज्य सरकार जमीन के मामले में हितधारक होती है। सरकार हमारे लिए कोई संशोधन लाते हैं और हमसे बात ही नहीं करते तो हम आपकी बात क्यों मानेंगे? हम इसके खिलाफ हैं। (Waqf Amendment Bill 2025)

कांग्रेस सांसद इमराद मसूद का बड़ा बयान

वक्फ संशोधन अधिनियम पर जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रमुख महमूद मदनी ने कहा कि यह वक्फ का मामला नहीं बल्कि राजनीति है। मुसलमानों के नाम पर कभी मुसलमानों को गाली देकर या मुसलमानों का हमदर्द बनकर दुर्भावना के साथ इस अधिनियम को लागू किया गया। यह अधिनियम या संशोधन देश, समाज या मुसलमानों के लिए सही नहीं है। कांग्रेस सांसद इमराद मसूद ने कहा कि जब हम सत्ता में आएंगे तो वक्फ कानून का मुद्दा एक घंटे में हल कर दिया जाएगा। मसूद ने कहा कि डेकाड्रोन इंजेक्शन बीमारी को ठीक करने के लिए इस्तेमाल होता है, हम इसका इस्तेमाल करेंगे। जब भाजपा वाले लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए थे तो आपने अपनी सत्ता का दुरुपयोग किया। अगर आपने संख्या के आधार पर किसी के अधिकारों को चोट पहुंचाई है, समाज को यह संदेश दिया है कि आप दोयम दर्जे के हैं, तो कांग्रेस उसे बहाल करेगी। मैं किसी भी हिंसक विरोध का समर्थन नहीं करता। अभी लड़ाई सुप्रीम कोर्ट में है। हम अपना पक्ष सुप्रीम कोर्ट में रखेंगे। (Waqf Amendment Bill 2025)

डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने किया पलटवार

इस पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कोई भी बड़बोले नेता कुछ भी कहें, लेकिन 2047 तक विपक्ष में बैठे राहुल गांधी समेत जिन लोगों ने वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ वोट दिया है, उन सभी को मैं साफ तौर पर बता देना चाहता हूं कि देश की जनता भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी के साथ है और संसद के जरिए कानून बनाने का अधिकार बाबा साहब अंबेडकर ने दिया है और वक्फ संशोधन बिल संसद के जरिए बना कानून है। इसका अनुपालन देश के गरीब मुसलमानों को लाभ पहुंचाएगा। ये भाजपा विरोधी पार्टियां वक्फ संशोधन विधेयक के नाम पर गरीब, अशिक्षित मुसलमानों को भड़का रही हैं, लेकिन बड़ी संख्या में मुसलमान समझ चुके हैं कि गरीब मुसलमानों का भला सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी ही कर सकते हैं, तुष्टीकरण करने वाले नहीं। (Waqf Amendment Bill 2025)

Back to top button
error: Content is protected !!