संस्कृत सिर्फ प्राचीन परंपरा की भाषा नहीं…वैज्ञानिक दृष्टिकोण का माध्यम भी है: लोकसभा अध्यक्ष

Om Birla on Sanskrit: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने जयपुर के जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय के 7वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने गौरवशाली संस्कृत भाषा के शाश्वत महत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल हमारी प्राचीन परंपरा की भाषा नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण और वैचारिक स्पष्टता का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि आज जब भारत योग, आयुर्वेद और दर्शन के माध्यम से विश्व में सम्मान प्राप्त कर रहा है, ऐसे समय में नई पीढ़ी को संस्कृत से जोड़ना आवश्यक है। ऐसे समय में जब विश्व के प्रमुख विश्वविद्यालयों में संस्कृत पर शोध हो रहे हैं, ऐसे में भारत में भी इसे नवाचार, तकनीक और डिजिटल युग से जोड़ना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- CRPF की कोबरा बटालियन को आता देख नक्सलियों की रूह कांप जाती है: शाह
उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से योग की वैज्ञानिक शिक्षा प्रदान किए जाने, प्राचीन पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण करने और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की शुरूआत करने जैसी अग्रणी पहलों की सराहना की और इन्हें सांस्कृतिक पुनरुत्थान की दिशा में दूरदर्शी कदम बताया। विश्वविद्यालय की स्थापना के बारे में बात करते हुए लोकसभा स्पीकर बिड़ला ने कहा कि नारायणदास महाराज के ओजस्वी मार्गदर्शन में तत्कालीन मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत ने इस संस्थान की परिकल्पना की थी। उन्होंने स्नातक विद्यार्थियों से संस्कृत के राजदूत की भूमिका निभाने और भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का प्रचार-प्रसार पूरी दुनिया में करने का आग्रह किया। इस अवसर स्पीकर बिड़ला ने विश्वविद्यालय के मेधावी विद्वानों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए। स्वामी अवधेशानंद गिरि को ‘विद्या वाचस्पति’ की उपाधि से सम्मानित किया गया। (Om Birla on Sanskrit)

इधर, केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राजस्थान में सुरक्षाबल के जवानों के लिए ‘Self-Empowerment through Inner Awakening’ विषय पर राष्ट्रीय संवाद का शुभारंभ किया। साथ ही कहा कि ब्रह्मकुमारी, योग और ध्यान के माध्यम से पूरे विश्व में हर मानव के अंदर शांति और साधना का एक दीप प्रज्ज्वलित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई सालों से हर व्यक्ति के अंदर की सद्वृत्ति को जागृत करने का यहां प्रयास हो रहा है और उसी तपोबल से एक अद्भुत शांति का वातावरण यहां महसूस किया जा सकता है। व्यक्तिगत जीवन में जब गुरु मिल जाता है, तब लोगों का जीवन सन्मार्ग पर प्रशस्त हो जाता है और इसके बहुत सारे उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसा काम कर जाते हैं, जो हर व्यक्ति की आत्मा को एक दीप बनाकर प्रकाशमय मार्ग पर चलने के लिए प्रशस्त करते हैं। शाह ने कहा कि लेखराज कृपलानी जी ने ब्रह्मकुमारी की स्थापना कर हर व्यक्ति की आत्मा को दीप बनाकर उसके प्रकाश में आगे बढ़ने का बहुत बड़ा आह्वान किया, जिसका समाज पर बहुत बड़ा असर दिख रहा है। (Om Birla on Sanskrit)




