Raipur News: रीवा में भीषण पेयजल संकट, जिला पंचायत सदस्य वतन चन्द्राकर ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रायपुर जिला पंचायत सदस्य वतन चन्द्राकर ने बुधवार को कलेक्टर एवं जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपते हुए ग्राम पंचायत रीवा में व्याप्त गंभीर पेयजल संकट की ओर ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने ग्रामवासियों की समस्याओं को सामने रखते हुए इस संकट के स्थायी समाधान की मांग की है।
यह भी पढ़ें:- भारत निर्वाचन आयोग की तीन नई पहल: मतदाता सूची की शुद्धता और सुविधा पर जोर
चन्द्राकर ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायत रीवा, जिसकी जनसंख्या 5,000 से अधिक है, विगत कई वर्षों से ग्रीष्मकाल के दौरान भीषण पेयजल संकट से जूझ रहा है। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है, विशेष रूप से तब जब गांव में 60 एकड़ क्षेत्रफल में फैला एक विशाल तालाब मौजूद है। इसके बावजूद गर्मी के मौसम में गांव के लोगों को पानी के लिए पड़ोसी गांवों पर निर्भर रहना पड़ता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पानी की इस समस्या ने सामाजिक स्तर पर भी असर डालना शुरू कर दिया है—हाल ही में गांव में एक विवाह सिर्फ इस वजह से टूट गया कि वहां पर्याप्त पेयजल सुविधा नहीं है। ग्रामवासियों द्वारा पूर्व में कई बार जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को इस मुद्दे से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। चन्द्राकर ने समस्या के संभावित समाधान हेतु निम्नलिखित सुझाव दिए हैं
- तालाब का वैज्ञानिक ढंग से गहरीकरण कर उसमें वर्षभर जल संचय सुनिश्चित किया जाए।
- तालाब के जल को साफ कर नलकूप/बोरिंग एवं मोटरपंप के माध्यम से घरों तक पहुँचाने की व्यवस्था की जाए।
- जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन नेटवर्क स्थापित कर प्रत्येक घर को नल कनेक्शन प्रदान किया जाए।
- वर्षा जल संचयन हेतु सामूहिक टांके या रिजर्वायर का निर्माण किया जाए।
- स्थायी समाधान के क्रियान्वयन तक गर्मी के मौसम में नियमित टैंकर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए.
चन्द्राकर ने जिला प्रशासन से इस आवेदन को गंभीरता से लेने और शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने की अपील की है, जिससे ग्रामवासी इस विकट पेयजल संकट से जल्द राहत पा सकें।




