Google Analytics —— Meta Pixel

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में भाग लेंगे छत्तीसगढ़ के 12 मल्लखंब खिलाड़ी, पढ़ें पूरी खबर

Khelo India Youth Games: खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 बिहार के बोधगया में 4 से 15 मई तक आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 12 मल्लखंभ खिलाड़ी शामिल होंगे। इन खिलाड़ियों में नारायणपुर जिले के 9 मल्लखंब खिलाड़ी शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी अबूझमाड़ मल्लखंब और स्पोर्ट्स अकादमी से जुड़े हैं। मल्लखंब की प्रतियोगिताएं 5 से 9 मई तक आयोजित होंगी। खेल और युवा कल्याण अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार चयनित मल्लखंब खिलाड़ियों में 5 बालक और 4 बालिकाएं शामिल हैं। नारायणपुर जिले के चयनित खिलाड़ियों में ओरछा की सरिता पोयाम, मातला की मोनिका पोटाई, कुंदला की दुर्गेश्वरी कुमेटी, न्यानार की अनिता गोटा, कुतुल के राकेश कुमार वढ़दा, आसनार के मानू ध्रुव, आसनार के राजेश कोर्राम, पोकानार के मंगडू पोडियाम और चिंगनार के मोनू नेताम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:- ब्राम्हण समाज ने ज्ञान और संस्कार देने का किया है कार्य: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

उन्होंने बताया कि 2 मई को खिलाड़ियों और कोच मनोज प्रसाद, महिला कोच पूनम प्रसाद और मैनेजर सौरव पाल खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हिस्सा लेने बिहार रवाना हुए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। राज्य सरकार की ओर से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ मल्लखंब और स्पोर्ट्स अकादमी में मल्लखंब खिलाड़ियों के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सहित सभी आवश्यक सुविधाएं दी जा रही है, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सके। (Khelo India Youth Games)

नगर सैनिकों की भर्ती के लिए परीक्षा

छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) की ओर से नगर सेना विभाग के 1715 महिला नगर सैनिकों (छात्रावास ड्यूटी) और 500 नगर सैनिकों (जनरल ड्यूटी) के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 22 जून 2025 दिन रविवार को राज्य के 4 जिले रायपुर, बिलासपुर, बस्तर के जगदलपुर और सरगुजा के अंबिकापुर में आयोजित की जाएगी। नगर सेना कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस परीक्षा में शामिल होने के लिए शारीरिक दक्षता में पात्र अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ व्यापमं की वेबसाइट http://vyapamcg.cgstate.gov.in के लिंक में जाकर पंजीयन और ऑनलाइन आवेदन सबमिट करना अनिवार्य है, जिसकी अंतिम तिथि 30 मई 2025 शाम 05 बजे तक है। (Khelo India Youth Games)

Back to top button
error: Content is protected !!