Balodabazar News: विहिप बजरंग दल ने कलेक्टर से की बाहरी व संदिग्ध लोगों की जांच की मांग

Balodabazar News : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल ने बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी एवं उप पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह से मुलाकात की। उन्होंने जिले में रह रहे बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच-पड़ताल की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
यह भी पढ़े :- कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर मचा सियासी बवाल, बीजेपी ने बताया राष्ट्र का अपमान
विहिप जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी (मिकी) ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों, उत्खनन क्षेत्रों में कार्यरत अन्य राज्यों से आए श्रमिकों, फेरी लगाकर सामान बेचने वालों, अस्थायी दुकानदारों और धार्मिक स्थलों में रह रहे बाहरी व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों की आड़ में अवांछित तत्व छिपकर समाज और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं।
अभिषेक तिवारी ने यह भी कहा कि पहले भी संगठन द्वारा इस विषय पर प्रशासन से मांग की जा चुकी है, जिसके बाद कुछ कार्रवाई हुई थी। लेकिन अब भी कई स्थानों पर बिना थानों में सूचना दिए बाहरी लोग रह रहे हैं या व्यवसाय कर रहे हैं। मकान और दुकान मालिकों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे बिना पुलिस सत्यापन के किसी को आश्रय न दें।
उन्होंने अपील की कि प्रत्येक नागरिक सजग रहकर अपने आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में दे, जिससे नगर, जिला, प्रदेश और देश की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। (Balodabazar News)
इस दौरान लक्ष्मेन्द्र अग्रवाल, शिवप्रकाश तिवारी, आयुष बरनवाल, दीपेश पंजवानी, वासुदेव ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। (Balodabazar News)




