Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh Weather update : छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, कांकेर-नारायणपुर समेत 9 जिले प्रभावित, बिजली गिरने की चेतावनी

Chhattisgarh Weather update : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने कांकेर, नारायणपुर समेत 9 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। धमतरी और गरियाबंद में तेज हवा चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, जबकि दंतेवाड़ा और सुकमा में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यह स्थिति 16 और 17 मई तक मध्य छत्तीसगढ़ और बस्तर संभाग में बनी रहेगी।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पश्चिम उत्तरप्रदेश से तमिलनाडु तक बनी ट्रफ लाइन के कारण प्रदेश में आंधी-बारिश की संभावना बनी है। बुधवार को बिलासपुर 41.8°C के साथ सबसे गर्म रहा।

यह भी पढ़ें :- छत्तीसगढ़ में जवानों ने नक्सल नेटवर्क की रीढ़ को हिला दिया: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

रायपुर और बिलासपुर का तापमान

14 मई को रायपुर का अधिकतम तापमान 41.1°C और न्यूनतम तापमान 29.3°C रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक था। बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 29.3°C रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। वहीं मुंगेली में 40.8°C, रायगढ़ और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 39.8°C दर्ज किया गया। (Chhattisgarh Weather update)

बस्तर में भारी बारिश का अनुमान

बस्तर संभाग में अगले तीन दिन तेज आंधी-बारिश के आसार हैं। पिछले 24 घंटे में तोकापाल में 40 मिमी और जगदलपुर में 20 मिमी बारिश हुई। बुधवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 32.6°C रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री कम था।

दुर्ग में भी गर्मी बरकरार

दुर्ग में अधिकतम तापमान 40.8°C और न्यूनतम 25.4°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है।

मई में बारिश का पुराना ट्रेंड

मई में बारिश और अंधड़ की घटनाएं आम हैं। मई 2021 में रायपुर में सबसे ज्यादा 93.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी, जिसमें अकेले 10 मई को 57 मिमी बारिश हुई थी। आमतौर पर 25 मई के बाद मौसम में बड़े बदलाव देखे जाते हैं। (Chhattisgarh Weather update)

क्या होता है पश्चिमी विक्षोभ?

पश्चिमी विक्षोभ भूमध्यसागर से उत्पन्न होने वाली बर्फीली हवाएं होती हैं, जो ईरान, इराक, अफगानिस्तान और पाकिस्तान होते हुए भारत में प्रवेश करती हैं। ये हवाएं बारिश और ठंड का कारण बनती हैं और इनकी वजह से ही भारत के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव आता है। (Chhattisgarh Weather update)

Back to top button
error: Content is protected !!