भारतीय डेलिगेशन में शशि थरूर का नाम शामिल करने पर विवाद, कांग्रेस ने कहा- हमने नहीं दिया उनका नाम
Controversy Over Tharoor Name: केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख बताने के लिए सर्वदलीय सांसदों के 7 डेलिगेशन बनाए हैं, जिसे लेकर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण क्षणों में भारत एकजुट है। 7 सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करेंगे, जो आतंकवाद के प्रति शून्य-सहिष्णुता के हमारे साझा संदेश को लेकर जाएंगे। राजनीति से ऊपर, मतभेदों से परे राष्ट्रीय एकता का एक शक्तिशाली प्रतिबिंब है। बता दें कि संसदीय कार्य मंत्रालय ने डेलिगेशन को लीड करने वाले सांसदों के नाम जारी किए हैं, जिसमें कांग्रेस से सिर्फ शशि थरूर का नाम शामिल है। इसे लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। साथ ही कहा है कि हमने केंद्र को थरूर का नाम नहीं दिया था। फिर भी उन्हें एक डेलिगेशन का लीड बनाया है।
यह भी पढ़ें:- ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दुनिया को जानकारी देंगे भारत के सांसद, केंद्र सरकार ने 7 डेलिगेशन बनाए
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि कल सुबह संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष से बात की। कांग्रेस से पाकिस्तान से आतंकवाद पर भारत के रुख को स्पष्ट करने के लिए विदेश भेजे जाने वाले प्रतिनिधिमंडलों के लिए 4 सांसदों के नाम प्रस्तुत करने को कहा गया। कल 16 मई को दोपहर तक लोकसभा में विपक्ष के नेता ने संसदीय कार्य मंत्री को कांग्रेस की ओर से नाम देते हुए पत्र लिखा, जिसमें पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री आनंद शर्मा, लोकसभा के उपनेता गौरव गोगोई, राज्यसभा सांसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन और लोकसभा सांसद राजा बरार का नाम शामिल है। (Controversy Over Tharoor Name)
थरूर ने केंद्र सरकार का जताया आभार
इधर, कांग्रेस सांसद शशि थरूर डेलिगेशन का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिलने पर केंद्र सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मैं हाल की घटनाओं पर हमारे देश का दृष्टिकोण प्रस्तुत करने के लिए पांच प्रमुख राजधानियों में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए भारत सरकार के निमंत्रण से सम्मानित महसूस कर रहा हूं। जब राष्ट्रीय हित शामिल हो और मेरी सेवाओं की आवश्यकता हो तो मैं पीछे नहीं रहूंगा। दरअसल, कांग्रेस के कई बड़े नेता ऑपरेशन सिंदूर पर केंद्र सरकार की तारीफ करने को लेकर शशि थरूर से नाराज हैं। दिल्ली में 14 मई को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई थी, जिसमें कुछ नेताओं ने थरूर की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि यह निजी विचार व्यक्त करने का समय नहीं है, बल्कि पार्टी के आधिकारिक रुख को स्पष्ट करने का समय है। इस बार थरूर ने लक्ष्मण रेखा पार कर दी है। (Controversy Over Tharoor Name)



