टॉवल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कंपनी मालिक समेत 8 लोगों की हुई मौत, राष्ट्रपति-PM ने जताया दुख

Fire in Solapur Factory: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में स्थित टॉवल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसमें फैक्ट्री मालिक और उनके परिवार समेत 8 लोगों की मौत हो गई। मुंबई से करीब 400 किलोमीटर दूर सोलापुर MIDC में अक्कलकोट रोड पर स्थित सेंट्रल टेक्सटाइल मिल्स में 18 मई को सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसके बाद फैक्ट्री मालिका का परिवार अंदर ही फंस गया। जानकारी के मुताबिक टेक्सटाइल मिल्स में तड़के करीब 3 बजकर 45 मिनट पर आग लगी थी।
यह भी पढ़ें:- Bilaspur accident : बिलासपुर में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, पत्नी के साथ पैदल जा रहे थे
मृतकों में फैक्ट्री मालिक हाजी उस्मान हसनभाई मंसूरी, उनके डेढ़ साल के पोते समेत परिवार के तीन सदस्य और चार मजदूर समेत तीन महिलाएं शामिल हैं। भीषण आग और लपटों के कारण फायर ब्रिगेड की टीम को आग पर काबू पाने में 5 से 6 घंटे लग गए। शार्ट सर्किट के चलते आग लगने पर फैक्ट्री मालिक परिवार समेत फंस गए थे। इसके अलावा फैक्ट्री के अंदर चार मजदूर भी आग की लपटों से घिर गए थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरी फैक्ट्री में फैल चुकी थी। (Fire in Solapur Factory)
वहीं हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि महाराष्ट्र के सोलापुर में एक फैक्ट्री में आग लगने से कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र के सोलापुर में आग लगने की घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं, जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। (Fire in Solapur Factory)




