Google Analytics —— Meta Pixel

जनसुविधाओं का ध्यान, समस्याओं का तत्परता से समाधान और गुणवत्तापूर्ण सेवा से ही सुशासन: CM साय

CM Meeting in Kondagaon: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोंडागांव कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में तीन जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने बस्तर, कोंडागांव और सुकमा जिले में जारी विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन और समाधान शिविरों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण, राजस्व प्रकरणों, आजीविका मिशन, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, शिक्षा और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों को वनोपज आधारित रोजगार को बढ़ावा देने, विशेष रूप से इमली, रेशम, मधुमक्खी पालन और लाख जैसे उत्पादों पर वैल्यू एडिशन कर स्थानीय लोगों को आत्मनिर्भर बनाने निर्देशित किया।

यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री साय ने तोंगपाल में 16 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का किया लोकार्पण, पढ़ें पूरी खबर

बैठक में बस्तर सांसद महेश कश्यप, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. बसवराजू एस., कमिश्नर डोमन सिंह, IG सुंदरराज पी., तीनों जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत CEO, वनमंडलाधिकारी समेत अधिकारी उपस्थित थे। CM साय ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकार की ओर से बीते डेढ़ साल में किए गए कार्यों की जमीन हकीकत का मूल्यांकन और जनता जनार्दन से संवादकर फीडबैक प्राप्त करना है। राज्य शासन का लक्ष्य जनसेवा है और इसके लिए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को सजगता और संवेदनशीलता से काम करने की जरूरत है। जनसुविधाओं का ध्यान, समस्याओं का तत्परता से समाधान और गुणवत्तापूर्ण सेवा से ही सुशासन है। (CM Meeting in Kondagaon)

मुख्यमंत्री ने बस्तर क्षेत्र में वनोपज आधारित रोजगार पर जोर देते हुए कहा कि इमली और रेशम कोकून जैसे उत्पादों पर विशेष रणनीति बनाकर वैल्यू एडिशन करें, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अधिकाधिक अवसर प्राप्त हों। उन्होंने रेशम, मधुमक्खी पालन, लाख उत्पादन जैसे उत्पादों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं के प्रचार-प्रसार और विपणन के माध्यम से व्यवसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जनसामान्य से उज्ज्वला योजना के अंतर्गत बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों के मद्देनजर अधिकारियों को रिफिलिंग प्रतिशत बढ़ाने और गैस सब्सिडी के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। (CM Meeting in Kondagaon)

उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों, विशेषकर सीमांकन से संबंधित मामलों को 15 जून से पहले निराकृत करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर संभाग में मक्का प्रमुख फसल है, इसे उन्न्त तकनीक से जोड़कर उत्पादकता में वृद्धि की जाए। उन्होंने कहा कि जैविक सुगंधित धान की खेती को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करें और सर्टिफिकेशन, मार्केटिंग और ब्रांडिंग के लिए भी विशेष प्रयास करें। प्रमुख सचिव सुबोध सिंह ने त्रुटि सुधार कार्यों, विशेषकर नाम वर्तनी संबंधी त्रुटियों को जल्द सुधारने के निर्देश दिए। (CM Meeting in Kondagaon)

प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत कोंडागांव जिले में अप्रारंभ आवासों की संख्या ज्यादा होने पर इसका त्वरित निराकरण और राजमिस्त्री की कमी को देखते हुए स्थानीय युवाओं को इसका प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने बीजापुर में आत्मसमर्पित नक्सलियों को राजमिस्त्री प्रशिक्षण दिए जाने की सराहना करते हुए इसे अन्य जिलों को भी अपनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि फॉरेस्ट क्लियरेंस, रिटेंडर प्रक्रिया, मुआवजा प्रकरणों का जल्द निराकरण किया जाए, जिससे निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा सके। (CM Meeting in Kondagaon)

Back to top button
error: Content is protected !!