ASP Akash Rao martyr : सुकमा IED ब्लास्ट में शहीद ASP आकाश राव गिरपुंजे को गार्ड ऑफ ऑनर, रायपुर में अंतिम विदाई

ASP Akash Rao martyr : सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए IED विस्फोट में शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आकाश राव गिरपुंजे को राजधानी रायपुर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। माना स्थित छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स मुख्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान शहीद की पत्नी ने रोते हुए उन्हें सैल्यूट किया, जबकि उनके पिता बिलखते रहे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह भी पढ़ें :- Chilfi road accident : चिल्फी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, ट्रक चालक फरार
आकाश राव गिरपुंजे रायपुर के कुशालपुर इलाके के निवासी थे। वे सुकमा में एडिशनल एसपी के पद पर पदस्थ थे। उनका पूरा परिवार रायपुर में ही रहता है। शहीद की अंतिम यात्रा उनके कुशालपुर स्थित निवास से “जब तक सूरज चांद रहेगा, आकाश तेरा नाम रहेगा” नारों के साथ निकली। यात्रा में रायपुर कलेक्टर समेत प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और आमजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। अंतिम संस्कार महादेव घाट मुक्तिधाम में किया गया। (ASP Akash Rao martyr)
व्यक्तिगत त्रासदी: इस घटना की पीड़ा इसलिए भी अधिक गहराई से महसूस की जा रही है क्योंकि बुधवार को शहीद ASP की 6 वर्षीय बेटी नव्या का जन्मदिन था। पूरा परिवार इस दिन को खास बनाने की तैयारी में लगा था और आकाश खुद बेटी के जन्मदिन में शामिल होने रायपुर आने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घट गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहीद अधिकारी की शहादत को नमन करते हुए कहा कि यह नक्सलियों की एक कायरतापूर्ण हरकत है। उन्होंने कहा कि नक्सली अब बौखलाहट में ऐसे हमले कर रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार इस चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों को इसका माकूल जवाब मिलेगा और छत्तीसगढ़ से उनका नामोनिशान मिटा दिया जाएगा। (ASP Akash Rao martyr)
उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी आकाश राव गिरपुंजे की वीरता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आकाश एक निष्ठावान और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे, जिन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में अपनी जान तक न्यौछावर कर दी। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था की गई है और नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
राज्यपाल रमेन डेका ने भी शहीद अधिकारी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। (ASP Akash Rao martyr)



