Ahmedabad Air India Plane Crash : जमीन पर गिरने से पहले बिल्डिंग से टकराया था प्लेन, विजय रुपाणी समेत 242 लोग थे सवार

Ahmedabad Air India Plane Crash : गुजरात के अहमदाबाद से लंदन के गैटवीक एयरपोर्ट जा रही प्लेन अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास क्रैश हो गई है. इस प्लेन में क्रू मेंबर समेत कुल 242 लोग सवार थे. इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी मौजूद थे. हादसे के दृश्य काफी भयावह हैं.
हालांकि, इसके बारे में अभी पुख्ता जानकारी मौजूद नहीं है. विमान में कुल 10 क्रू मेंबर के सवार होने की बात सामने आ रही है. विजय रुपाणी गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री रह चुके हैं. 2016 से लेकर 2021 के बीच कुल दो कार्यकाल में वे गुजरात के सीएम की जिम्मेदारी निभा चुके हैं. गुजरात के राजकोट पश्चिम विधानसभा सीट से वह विधायक चुने जाते रहे हैं.
किस तरह हुआ ये विमान हादसा?
जानकारी के मुताबिक लंदन के लिए अहमदाबाद से उड़ान भरने यानी टेक ऑफ के 1 मिनट भीतर ही प्लेन क्रैश हो गया. आसमान में करीब 625 फीट की ऊंचाई पर पहुंचते ही प्लेन के क्रैश होने की बात की जा रही है. विमान Air India, B787 Dreamliner aircraft में 2 पायलट और 10 केबिन क्रू सहित 242 लोग सवार थे. विमान की कमान फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर के साथ कैप्टन सुमीत सभरवाल संभाल रहे थे. (Ahmedabad Air India Plane Crash)
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दिल्ली में एयर इंडिया विमान दुर्घटना के मद्देनजर कंट्रोल रूम बना दिया है. अधिक जानकारी के लिए लोग 011-24610843, 9650391859 पर कॉल कर सकते हैं. अहमदाबाद में भी एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और इसके नंबर 9978405304/079-23251900 हैं. अहमदाबाद हवाई अड्डे पर एक हेल्पलाइन भी सक्रिय की गई है और इसका नंबर 9974111327 है. इसके अलावा, एयर इंडिया का समर्पित यात्री हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 है. (Ahmedabad Air India Plane Crash)




