Raipur crime news : रायपुर में शादी कार्यक्रम के दौरान घर में चोरी, पड़ोसी नाबालिग किरायेदार गिरफ्तार

Raipur crime news : गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक परिवार के शादी समारोह में शामिल होने के दौरान उनके घर में चोरी हो गई। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि पड़ोस में रहने वाला एक नाबालिग किरायेदार निकला। आरोपी मूलतः झारखंड का रहने वाला है और हाल ही में रोजगार की तलाश में रायपुर आया था।
यह भी पढ़ें :- CG liquor scam : ED ने कांग्रेस कार्यालय समेत कवासी लखमा की संपत्तियां अटैच कीं, कांग्रेस ने बताया राजनीतिक साजिश
मिली जानकारी के अनुसार, गुढ़ियारी स्थित अंबेडकर चौक निवासी मीना रंगारी ने थाना गुढ़ियारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 जून को वह अपने परिवार सहित अग्रसेन भवन, टाटीबंध में एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। घर पर ताला लगा था। देर रात करीब 3:15 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। (Raipur crime news)
गुढ़ियारी थाना प्रभारी के.के. कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना की जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक नाबालिग संदिग्ध चोरी के बाद मोहल्ले के ही एक अन्य घर में घुसता हुआ दिखा। पुलिस को शक हुआ और नाबालिग को पूछताछ के लिए बुलाया गया।
सख्ती से पूछने पर उसने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके पास से लगभग 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद कर लिए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब 20-25 दिन पहले ही झारखंड से रायपुर आया था और यहीं रोजी-मजदूरी की तलाश में था। (Raipur crime news)
उसने सुनसान घर देखकर चोरी की योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह झारखंड भागने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
फिलहाल नाबालिग को किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है कि कहीं और भी ऐसी किसी वारदात में उसकी संलिप्तता तो नहीं है। (Raipur crime news)



