CG school timing change: छत्तीसगढ़ में बदला स्कूलों का समय, सुबह 7 बजे से लगेंगी कक्षाएं, शाला प्रवेश उत्सव के साथ हुआ स्वागत

CG school timing change: गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। 17 जून से प्रदेशभर में स्कूलों की कक्षाएं सुबह 7 बजे से 11 बजे तक संचालित होंगी। यह समय 22 जून तक लागू रहेगा, जबकि 23 जून से स्कूलों का संचालन पूर्ववत किया जाएगा।
आज से प्रदेश में समर वेकेशन समाप्त हो चुके हैं और स्कूलों ने शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कर दी है। रायपुर के जेएन पांडे स्कूल में ‘शाला प्रवेश उत्सव’ के तहत बच्चों का मुंह मीठा कराकर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। प्रदेश के अन्य जिलों जैसे बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई, रायगढ़ और जगदलपुर में भी शिक्षकों ने छात्रों का स्वागत कर नए सत्र की शुरुआत की।
यह भी पढ़ें :- Korba molestation video : कोरबा में स्कूटी सवार युवती को दी फ्लाइंग-किस, VIDEO वायरल, आरोपी युवक गिरफ्तार
रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी विजय खंडेलवाल ने बताया कि 18 जून को ब्लॉक स्तर पर और 20 जून को जिला स्तर पर प्रवेश उत्सव आयोजित होगा। रायपुर के दानी गर्ल्स स्कूल में बड़े स्तर पर उत्सव की योजना है। (CG school timing change)
अब कोई भी स्कूल शिक्षक विहीन नहीं: सरकार
राज्य सरकार ने शिक्षक पुनर्संयोजन (युक्तियुक्तकरण) प्रक्रिया के बाद दावा किया है कि अब प्रदेश में कोई भी स्कूल बिना शिक्षक के नहीं है। पहले 212 प्राथमिक और 48 पूर्व माध्यमिक शालाएं शिक्षक विहीन थीं। वहीं 6,872 प्राथमिक और 255 पूर्व माध्यमिक स्कूल एकल शिक्षक पर निर्भर थे।
इसके साथ ही 211 स्कूल ऐसे थे जहां छात्र नहीं थे, लेकिन शिक्षक नियुक्त थे। इन स्थितियों में सुधार करते हुए 166 स्कूलों का विलय किया गया, जिनमें से अधिकांश ग्रामीण क्षेत्र में स्थित हैं। (CG school timing change)
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जनप्रतिनिधियों को पत्र लिखकर ‘शाला प्रवेश उत्सव’ में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने इसे शत-प्रतिशत नामांकन और साक्षरता प्राप्त करने की दिशा में जरूरी कदम बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत कक्षा 12वीं तक ड्रॉपआउट रेट को शून्य करने का लक्ष्य रखा गया है।
राज्य सरकार ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान’ भी शुरू करने जा रही है, जिसके तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जाएगी और हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाई जाएगी। (CG school timing change)



