Chhattisgarh health crisis : बालोद में डायरिया से एक की मौत, 30 से ज्यादा पीड़ित, CMHO की टिप्पणी पर शिविर में हंगामा

Chhattisgarh health crisis : बालोद जिले के ग्राम तरौद में डायरिया का प्रकोप फैलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 4 लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। गांव में 30 से अधिक लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। शुक्रवार को लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में उस समय हंगामा हो गया, जब CMHO डॉ. महेश सूर्यवंशी ने एक मरीज को ORS पाउडर देते समय विवादित टिप्पणी कर दी।
यह भी पढ़ें :- International Yoga Day : जशपुर में मुख्यमंत्री साय का योगाभ्यास, 108 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण
मृतक मोहित निषाद (40) के चाचा बिट्ठल निषाद (65) जब शिविर में इलाज के लिए पहुंचे, तो CMHO ने उन्हें ORS देते हुए कहा कि इसे शराब के साथ न लें। इस बात को अपमानजनक मानते हुए ग्रामीणों ने विरोध और हंगामा शुरू कर दिया। गांव के चम्मन साहू ने कहा कि जब गांव में मातम है, ऐसे समय में वरिष्ठ डॉक्टर को गंभीरता बरतनी चाहिए थी।
ग्राम सरपंच धर्मेंद्र रामटेके ने बताया कि गांव के रावण भाठा वार्ड में 20 साल पुरानी पाइपलाइन से पानी की सप्लाई होती है, जिसमें लीकेज की आशंका है। PHE विभाग जांच कर रहा है और बोरिंग के पानी के उपयोग पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। (Chhattisgarh health crisis)
मोहित निषाद को शुक्रवार सुबह से उल्टियां हो रही थीं। हालत बिगड़ने पर उसे दोपहर में अस्पताल लाया गया, लेकिन शाम 5 बजे उसकी मौत हो गई। मोहित सांस्कृतिक मंचों पर तबला और नाल बजाया करता था। शनिवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया। (Chhattisgarh health crisis)
ग्रामीण महेंद्र दास मानिकपुरी ने बताया कि पिछले एक महीने से नल के पानी में कीड़े आ रहे थे। शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब जब एक व्यक्ति की मौत हो गई, तब प्रशासन हरकत में आया है।
CMHO डॉ. महेश सूर्यवंशी ने कहा कि बुजुर्ग मरीज नशे में लगे, इसलिए उन्हें साधारण सलाह दी गई थी कि ORS और शराब साथ में न लें, इससे उल्टी बढ़ सकती है। लेकिन बात को गलत तरीके से पेश किया गया। सभी मरीजों का इलाज जारी है। (Chhattisgarh health crisis)



