Google Analytics —— Meta Pixel

मंदिर में चोरी की फिल्मी कहानी! महिलाओं ने शरीर में छिपाए गहने, एक्स-रे में पकड़ी गई गैंग

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में मंदिर में हुई चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच महिलाओं के गले से सोने के गहने चोरी कर लिए गए। जब पुलिस ने जांच की तो एक्स-रे रिपोर्ट में चोरी का पूरा राज खुल गया।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ के सरकारी कॉलेजों में 700 पदों पर भर्ती शुरू, 625 सहायक प्राध्यापक समेत कई पदों पर होगी नियुक्ति

जानकारी के मुताबिक शीतला सप्तमी के अवसर पर चारभुजा मंदिर में रंगोत्सव का बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं की एक गैंग ने कई श्रद्धालुओं के गले से सोने के मंगलसूत्र और अन्य आभूषण चोरी कर लिए।

पीड़ित महिला ने तुरंत कोटड़ी थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध कार मिली, जिसमें छह महिलाएं और एक पुरुष ड्राइवर सवार थे। शक के आधार पर पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में सामने आया कि ये सभी मध्य प्रदेश की बाछड़ा गैंग से जुड़े हैं और भीड़-भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई।

मेडिकल जांच के दौरान जब एक्स-रे किया गया तो पुलिस भी हैरान रह गई। रिपोर्ट में एक महिला के शरीर के अंदर धातु जैसी वस्तु दिखाई दी। इसके बाद उसे महात्मा गांधी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला डॉक्टरों की टीम ने सावधानीपूर्वक चोरी किए गए मंगलसूत्र और अन्य गहनों को बाहर निकाला।

पुलिस ने इस मामले में एक कार चालक सहित छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मध्य प्रदेश के मनासा क्षेत्र की महिलाएं शामिल हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गैंग का राजस्थान और अन्य राज्यों में हुई चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं।

Back to top button
error: Content is protected !!