महिला यात्री की बाल-बाल बची जान, RPF जवान की सतर्कता की हो रही सराहना

Railway Station News : सासाराम रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब एक महिला यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते समय प्लेटफॉर्म और बोगी के बीच की खाई में गिरने लगी। लेकिन वहां ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान की सतर्कता और फुर्ती ने उसकी जान बचा ली। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
यह भी पढ़े :- India’s Got Talent controversy : विवाद के बाद समय रैना की यूट्यूब पर वापसी की अटकलें तेज, कमबैक टूर का भी किया ऐलान
यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर हुई, जब डीडीयू मुगलसराय-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन स्टेशन से रवाना हो रही थी। उसी समय एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगी।
हालांकि, पास ही तैनात RPF जवान ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए तेज़ी से महिला को खींचकर बाहर निकाल लिया। उसकी इस तत्परता ने महिला को गंभीर चोट या ट्रेन के नीचे आने से बचा लिया। घटना को देखकर ट्रेन के लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, ताकि महिला को दोबारा सुरक्षित ट्रेन में चढ़ाया जा सके।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि RPF जवान किस तरह तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए महिला को बचाते हैं। महिला को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है और वह सुरक्षित है।
रेलवे प्रशासन ने RPF जवान की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की है। साथ ही, यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। (Railway Station News)
यह घटना एक बार फिर यह साबित करती है कि सुरक्षा बलों की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है। (Railway Station News)



