कांग्रेस के मंच से PM मोदी और उनकी मां को दी गई गाली, हमलावर हुई बीजेपी, कांग्रेस बोली- ये ध्यान भटकाने की बातें

Abuse of PM Modi: बिहार के दरभंगा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां को गाली देने का मामला सामने आया है, जिससे सियासत गरमा गई है। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माताजी के लिए कांग्रेस और आरजेडी के मंच से जिस प्रकार गालियों से भरी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि हमारे लोकतंत्र को भी कलंकित करने वाला है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की राजनीति अपने निम्न स्तर पर आ पहुंची है। उनको यह बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है कि कैसे एक गरीब मां का बेटा बीते 11 सालों से प्रधानमंत्री पद पर बैठा हुआ है और अपने नेतृत्व में देश को निरंतर आगे ले जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- 2 दिवसीय जापान दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, स्थानीय कलाकारों और प्रवासी भारतीयों ने किया स्वागत
उन्होंने आगे कहा कि यह साफ दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी अपने उस चाल-चरित्र में वापस लौट आई है, जिसके माध्यम से उसने हमेशा देश की राजनीतिक संस्कृति में जहर घोलने का काम किया। गुजरात के मुख्यमंत्री काल से लेकर आज तक गांधी परिवार ने मोदी जी के खिलाफ नफरत फैलाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। परंतु अब तो इन्होंने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। यह हर मां का, हर बेटे का अपमान है, जिसके लिए 140 करोड़ देशवासी उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव और राहुल गांधी के इस काफिले का व्यवहार कुछ अर्बन नक्सल की तरह है। जैसे रावण को घमंड हो गया था वैसे ही राहुल गांधी को अहंकार हो गया है कि मैं नेहरू परिवार का नाती हूं और प्रधानमंत्री मोदी एक गरीब घर का बेटा है। (Abuse of PM Modi)
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं में न संस्कृति है और न ही सभ्यता। दरभंगा में कांग्रेस और उनके सहयोगी दल राजद ने इसका पुनः प्रमाण दिया। कांग्रेस की औपचारिक सभा में माननीय प्रधानमंत्री मोदी और उनकी स्वर्गीय माता के संदर्भ में जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया गया, वह INDI गठबंधन की घटिया मानसिकता का प्रमाण है। पिछले दो दशकों से ये लोग माननीय मोदी जी को राजनीतिक रूप से हराने में असफल रहे हैं। इसी हताशा के कारण कांग्रेस लगातार उनके प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करती रही है। लेकिन आज इन पराजित लोगों ने हर सीमा का उल्लंघन कर दिया है। सत्ता पाना तो दूर की बात है, जनता की क्षमा भी इन्हें नहीं मिलेगी। (Abuse of PM Modi)
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी के मंच से प्रधानमंत्री मोदी की स्वर्गीय माताजी के प्रति अभद्र और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करना अत्यंत ही निंदनीय, अमर्यादित एवं कुत्सित मानसिकता का प्रतीक है। यह केवल राजनीति की मर्यादा का पतन नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति की जड़ों में रचे-बसे मातृत्व और नारी सम्मान पर भी सीधा प्रहार है। जिन नेताओं से जनता संवेदनशीलता और सकारात्मक राजनीति की अपेक्षा करती है, उनका इस स्तर तक गिर जाना उनके अंतर्मन की दूषित सोच और लगातार जनता से मिल रही अस्वीकृति की बौखलाहट का स्पष्ट प्रमाण है। बिहार की जागरूक जनता सब देख रही है। वह अपमान और नफ़रत की इस राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगी और आगामी चुनावों में अपने एक-एक मत से इसका करारा जवाब देगी। (Abuse of PM Modi)
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि मैंने पहले भी कहा था कि राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो चुका है और जब दिमाग चोरी हो जाता है तो लोग इस प्रकार की बाते करते हैं। आपको राष्ट्रीय नेता कहलाने का क्या अधिकार है? मुझे लगता है जब किसी का दिमाग चोरी हो जाता है तो उसे इग्नोर कर देना चाहिए। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा में जिस तरह की भाषा और गालियों का इस्तेमाल किया जा रहा है वो दिखाता है कि उनका कुंठा बढ़ गया है। कौन सा राज बिहार में लाना चाहते हैं? 1990 से 2005 तक यही राज था। वही राज लाना चाहते हैं। गाली गलौज का इस्तेमाल करने का क्या मतलब है। प्रधानमंत्री को गाली दे रहे हैं। इनको लग रहा है कि ये हारने वाले हैं इसलिए गाली गलौज पर उतर आए हैं। राहुल गांधी को पता नहीं है कि बिहार के लोग इस तरह की भाषा को पसंद नहीं करते हैं। (Abuse of PM Modi)
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि जिन्होंने दशकों तक बिहार में वोट चोरी की और गरीबों के वोट को लूटा वही आज वोट चोरी के बारे में ज्यादा चिल्ला रहे हैं। इन्होंने तो आज सारे हद पार कर दिए हैं पीएम मोदी को उन्होंने अपशब्द कहें क्या यही उनकी राजनीतिक आर्दश है। इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि ये सब ध्यान भटकाने की बाते हैं ना हमारी परंपरा है और ना हम ऐसी बात करते हैं। हमारे सवाल इतने तीखे हैं कि भाजपा जवाब नहीं दे पा रही है। इसलिए वो ऐसे मुद्दों को उठा रहे हैं। हमारे यहां ऐसा नहीं हो सकता है। राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि भाजपा के जो स्लीपर सेल हैं वे महागठबंधन के यात्रा के दौरान पूरे माहौल को खराब करने के लिए अपने प्रधानमंत्री के खिलाफ नारा लगा रहे हैं। चूंकि यात्रा में लाखों की भीड़ हो रही है इसलिए हम लोग भी पता नहीं कर पाते कि वो स्लीपर सेल हमारे कार्यक्रम में आ गए हैं। (Abuse of PM Modi)
उन्होंने कहा कि आने के बाद हमें भी गाली देते हैं और अपने नेता को भी गाली देते हैं और आरोप लगाते हैं कि हमारे कार्यक्रम में हुआ। ये बात असत्य है अगर हमारे पार्टी के कोई नेता तेजस्वी यादव जी और राहुल गांधी जी या हमारे वरिष्ठ नेता ने इस तरह का अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है तो हमें वीडियो फोटेज दिखाए, ताकि हम ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर सके, जिस पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि जिस भाषा का इस्तेमाल ये लोग करते हैं राजनीति में मतभेद होंगे ही और वो स्वाभाविक है और हर किसी का अपना पक्ष और मत होगा। मैंने हमेशा कहा कि राजनीति में भाषा की मर्यादा का पालन करना होगा। आप तीखा से तीखा वार आप मर्यादित शब्दों में कर सकते हैं। लेकिन इस तरीके से गाली गलौज करना वो भी पीएम मोदी के खिलाफ तो ये कोई स्वीकार नहीं कर सकता है। वो हमारे देश के पीएम हैं इसे बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जा सकता है। (Abuse of PM Modi)



