PM मोदी और उनकी मां को गाली देने का मामला, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने खोला मोर्चा

BJP CMs on Congress: बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और राजद के मंच से एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी बड़ा मुद्दा बन गया है। इसे लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए प्रयुक्त अभद्र भाषा अत्यंत निंदनीय और राजनीतिक मर्यादा का पतन है। INDI गठबंधन के नेताओं द्वारा किया गया यह कृत्य सिर्फ प्रधानमंत्र का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारत वासियों की भावनाओं का अपमान है। याद रहे, एक साधारण मां ने अपने संघर्षों और संस्कारों से ऐसे पुत्र को गढ़ा, जिसने स्वयं को राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित कर दिया और आज विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में जन-जन के मन में बसते हैं। बिहार की जनता निश्चित ही इस घृणित राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी और भारतीय संस्कृति व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करेगी।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस के मंच से PM मोदी और उनकी मां को दी गई गाली, हमलावर हुई बीजेपी, कांग्रेस बोली- ये ध्यान भटकाने की बातें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार में कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री मोदी के लिए जिस तरह के अभद्र और अशिष्ट नारे लगाए गए हैं वो निंदनीय और राजनीति के गिरते हुए अमर्यादित चरित्र को दर्शाता है। हम इसकी निंदा करते हैं। INDI गठबंधन के नेताओं के द्वारा प्रयुक्त किए जा रहे इस तरह के अमर्यादित आचरण का जवाब बिहार की जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी और आने वाले समय में इस तरह का आचरण करने वाले लोगों को पूरी तरह से खारिज करने का काम करेगी। इसके लिए कांग्रेस और राजद के नेताओं को माफी मांगनी चाहिए। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि बिहार में कांग्रेस-राजद ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव द्वारा मंच से प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत पूजनीय मां पर की गई अभद्र टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है। देश इस कृत्य के लिए कांग्रेस-राजद को कभी माफ नहीं करेगा। (BJP CMs on Congress)
CM शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सहित INDIA गठबंधन के नेता यह पचा नहीं पा रहे हैं कि एक गरीब मां का बेटा देश का प्रधानमंत्री कैसे बन सकता है और देश की जनता ने उसे अपने दिलों में कैसे बसाया है। कांग्रेस की यही परंपरा रही है कि जब भी वह चुनाव हारने लगती है, तो अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती है। वे खुद भी भ्रष्ट हैं और उनका दिमाग भी भ्रष्ट है। बिहार की जनता समझ गई है कि वोट के लिए यह INDIA गठबंधन कितना गिर सकता है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस सबसे बड़ी ‘वोट चोर’ पार्टी है। जब वे सत्ता में थे, तो वे ‘बूथ’ कैप्चरिंग और लोगों को धमकाकर वोट चुराने में विश्वास करते थे। जब वे हर राज्य में चुनाव हार रहे थे, तो उन्होंने EVM को दोष दिया। प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे प्रिय नेता हैं और जिस तरह की भाषा का उन्होंने(राहुल गांधी और तेजस्वी यादव) इस्तेमाल किया है वह निंदनीय है। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। (BJP CMs on Congress)
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विपक्षी नेताओं का यह व्यवहार बेहद शर्मनाक है। सीता मां की धरती पर हमारी किसी भी मां का अपमान बर्दाश्त नहीं है। देश के प्रधानमंत्री की मां के बारे में बुरा बोलने की ऐसी घटिया सोच और घटिया राजनीति को देश की जनता नकारती है। एक महिला होने के नाते मैं ईमानदारी से कहती हूं कि मां का अपमान वही लोग कर सकते हैं जिन्हें न धरती मां, न भारत माता का सम्मान पता है और न ही मां शब्द… ऐसे लोग देश में पले-बढ़े हैं या कहीं और? यह उनकी परवरिश पर सवालिया निशान है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस और RJD की ‘वोट अधिकार यात्रा’ के मंच से जिस तरह 2 शहजादों ने देश के प्रधानमंत्री की दिवंगत पूज्य माताजी को गाली दी, वह बेहद निंदनीय है। यह कुकृत्य न केवल प्रधानमंत्री का अपमान है, बल्कि बिहार की गौरवशाली परंपरा का भी तिरस्कार है। (BJP CMs on Congress)
CM धामी ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी को इस शर्मनाक कृत्य के लिए देशवासियों से तुरंत माफी मांगनी चाहिए। INDIA गठबंधन यह बर्दाश्त नहीं कर पा रहा है कि एक गरीब मां का बेटा देश का प्रधानमंत्री बने और जनता ने उसे अपने दिलों में जगह दी। उनके भाषणों से प्रेरित होकर अब उनके कार्यकर्ता भी अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। राजनीतिक शुचिता में ऐसे घटिया बयानों के लिए कोई जगह नहीं है। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के तेजस्वी यादव के मंच से इस्तेमाल किए गए शब्दों की निंदा करता हूं। यह INDIA ब्लॉक की विचारधारा को दर्शाता है, जो भारतीय लोकतंत्र में कभी मौजूद नहीं था और यह देश की सभी महिलाओं का अपमान है। देश इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की पार्टियों की विचारधारा महिलाओं का अपमान कर सकती है। (BJP CMs on Congress)
CM ने कहा कि मैं गोवा और पूरे देश की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्थन देता हूं। एक हजार माफी के बाद भी इसे माफ नहीं किया जाएगा। इस तरह के निम्न स्तर के लोग और शब्द राजनीति में इसलिए लाए जाते हैं क्योंकि कांग्रेस और RJD के पास उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। ऐसे लोग राजनीति में रहने के लायक नहीं हैं। मैं एक बार फिर गोवा के लोगों की ओर से इसकी निंदा करता हूं। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि बिहार में कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माताजी को जिस तरह गाली दी गई ये निंदनीय और भर्त्सना के लायक है। देश में गुस्से का माहौल है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को बिहार और देश से माफी मांगनी चाहिए। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि बिहार की एक राजनीतिक रैली में राहुल गांधी और उनके सहयोगी दल के लोगों के द्वारा प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत माताजी के बारे में जो नीच वक्तव्य दिया है, मैं उसकी कड़ी निंदा करता हूं। ये घटना राहुल गांधी और उनके सहयोगी दल की हीन मानसिकता का परिचय देती है। इस पाप का जवाब देश की जनता इसका जवाब जरूर देगी। (BJP CMs on Congress)
उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस के अघोषित स्थायी अध्यक्ष और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव और INDI गठबंधन के नेताओं ने राजनीति के स्तर को इतना नीचे गिराने वाली भाषा का इस्तेमाल किया है कि इसके लिए बिहार की जनता के साथ साथ देश की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी। मैं इसकी कड़े शब्दों में आलोचना करता हूं। ये प्रधानमंत्री मोदी का अपमान नहीं बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों का अपमान है। इन लोगों के पास को योजना नहीं है, ये सिर्फ प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करना, चुनाव आयोग पर आरोप लगाने का काम करते रहते हैं। इन्हें देश की जनता से नाक रगड़ कर माफी मांगनी चाहिए… इनकी यात्रा फ्लॉप साबित हुई है इसलिए ये गाली गलौज पर उतर आए हैं। (BJP CMs on Congress)
JDU नेता संजय झा ने कहा कि दरभंगा में महागठबंधन के नेताओं के मंच से जिस तरह की अपमानजनक गाली गलौज प्रधानमंत्री मोदी के लिए और उनकी माताजी के लिए इस्तेमाल की गई। इससे ज्यादा दुखद और शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल प्रधानमंत्री के लिए करते हैं, अब उससे भी आगे निकलकर उनकी पार्टी के प्रदेश और जिला स्तर के नेता मां-बहन की गाली पर आ गए हैं, जिस भाषा का इस्तेमाल किया गया बिहार की जनता में आक्रोश है। आने वाले समय में इनका हिसाब होगा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी ने तेजस्वी यादव के साथ बिहार में मंच साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जिस अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है, हम उसकी कड़ी निंदा करते हैं। INDI गठबंधन को बिहार चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। बिहार में भाजपा गठबंधन प्रचंड बहुमत के साथ NDA सरकार बनाएगा। (BJP CMs on Congress)



