छत्तीसगढ़ में ACB-EOW का मेगा एक्शन: शराब–DMF घोटाले में 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज रविवार सुबह एसीबी–ईओडब्ल्यू ने आबकारी और DMF घोटाले से जुड़े मामलों में बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू की। राज्यभर में करीब 18 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़े :- जशपुर: एनआईएफटीईएम ने मोटे अनाज से बेकरी उत्पाद निर्माण का दिया प्रशिक्षण
रायपुर में रामा ग्रीन कॉलोनी स्थित पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास के ठिकाने पर टीम ने दस्तावेजों की विस्तृत जांच शुरू की। वहीं अमलीडीह की ला विस्टा कॉलोनी में कारोबारी हरपाल अरोरा के घर भी छापेमारी जारी है।
बिलासपुर में कारोबारी अशोक टूटेजा के ठिकानों पर भी कार्रवाई की पुष्टि हुई है।
अंबिकापुर, कोंडागांव सहित कई जिलों में टीमें सक्रिय हैं और दस्तावेजों व डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
क्या है शराब घोटाला?
कथित शराब घोटाला 2019 से 2023 के बीच कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शराब नीति में हुए बदलावों से जुड़ा है। आरोप है कि नीति में ऐसे प्रावधान किए गए, जिससे चुनिंदा सप्लायरों को लाभ मिले।
इन कंपनियों द्वारा नकली होलोग्राम और सील बनवाए गए, जिन्हें नोएडा की एक कंपनी ने तैयार किया। इन फर्जी होलोग्राम वाली महंगी शराब को सरकारी दुकानों में बेचकर 2165 करोड़ रुपये के टैक्स की चोरी किए जाने की बात सामने आई है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, इस अवैध कमाई का उपयोग कांग्रेस भवन निर्माण से लेकर नेताओं, अधिकारियों और मंत्रियों तक पहुंचाने में किया गया।
अब तक की कार्रवाई
शराब घोटाले में अब तक जिन बड़े नामों पर कार्रवाई हुई है उनमें शामिल हैं—
- पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा
- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल
- पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा
- कारोबारी अनवर ढेबर (एजाज ढेबर के भाई)
इसके अलावा आबकारी विभाग के 28 अधिकारियों को भी आरोपी बनाया गया था, जिन्हें बाद में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है।



