मितानिन दिवस विशेष: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य का आधार बनी ‘मितानिन’-सेवा, समर्पण और संवेदना की अद्वितीय मिसाल
Mitanin Day 2025 : महत्वपूर्ण दिवस में से एक, आज मितानिन दिवस है। स्वास्थ्य क्षेत्र में एक सार्थक पहल के साथ छत्तीसगढ़ में 23 नवंबर 2001 को शुरू हुआ मितानिन कार्यक्रम आज न सिर्फ प्रदेश का सबसे सफल सामुदायिक स्वास्थ्य मॉडल है, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा बन चुका है। उस दौर में, जब प्रदेश शिशु एवं मातृ मृत्यु दर, कुपोषण, एनीमिया और स्वास्थ्य-जागरूकता की भारी चुनौतियों से जूझ रहा था—तभी यह कार्यक्रम आशा की पहली किरण बनकर उदित हुआ। गाँव–गाँव मितानिन बहनों ने अपनी निस्वार्थ सेवा से वह परिवर्तन किया, जो सरकारी तंत्र अकेले कभी नहीं कर सकता था।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में ACB-EOW का मेगा एक्शन: शराब–DMF घोटाले में 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
आज मितानिन दिवस पर प्रदेश उन लाखों कदमों को सलाम कर रहा है, जिन्होंने स्वास्थ्य की राह को नया दिशा दी, और समाज के सबसे कमजोर वर्ग तक संवेदना का स्पर्श पहुँचाया। (Mitanin Day 2025 )

मितानिनों का योगदान: गाँव की स्वास्थ्य प्रहरी
गर्भवती महिलाओं की संरक्षक
हर गर्भवती महिला की जांच, पोषण सलाह और सुरक्षित प्रसव की प्रेरणा देकर मितानिन बहनों ने मातृ-स्वास्थ्य को मजबूती दी।
शिशुओं की जीवन-रेखा
टीकाकरण, स्तनपान मार्गदर्शन और पोषण पर सतत निगरानी—हर बच्चे की स्वस्थ मुस्कान के पीछे मितानिनों की प्रतिबद्धता रही।
संचारी रोगों की प्रथम रोकथाम
मलेरिया, डायरिया, TB जैसे रोगों की समय पर पहचान और त्वरित उपचार से गाँवों में रोग नियंत्रण की मजबूत दीवार खड़ी हुई।
गैर-संचारी रोगों की सतर्क मार्गदर्शक
डायबिटीज, BP से लेकर कैंसर स्क्रीनिंग तक—मितानिनों ने समय पर पहचान और जागरूकता से अनगिनत जीवन सुरक्षित किए।
बुजुर्गों की सहारा-सखा
नियमित BP–शुगर जांच, दवा पालन और देखभाल ने बुजुर्गों के स्वास्थ्य में नई सुरक्षा जोड़ी।
मानसिक स्वास्थ्य की सखी
तनाव, अवसाद, नशा और चिंता की पहचान कर मितानिनों ने समुदाय में मानसिक स्वास्थ्य की संस्कृति को नया आधार दिया।
स्वच्छता और पोषण की दूत
स्वच्छ पानी, हाथ धुलाई, पोषण और रोग-निवारण संदेश को घर–घर पहुंचाकर जन-जागरूकता की नई लहर पैदा की।
संकट की पहली कड़ी
आपात स्थिति में एम्बुलेंस, रेफरल और परिवार को साहस देने की क्षमता ने मितानिनों को ‘विश्वास की पहली आवाज’ बना दिया।
सरकार और समुदाय के बीच सेतु
वे हर स्वास्थ्य योजना को जमीन तक पहुंचाने का जीवंत माध्यम बनीं—सच्चे मायने में जन-स्वास्थ्य की रीढ़।

मितानिनों ने बदली छत्तीसगढ़ की तस्वीर
- मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में ऐतिहासिक कमी
- कुपोषण व एनीमिया में सतत सुधार
- संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण
- गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान
- टीकाकरण कवरेज में उल्लेखनीय वृद्धि
- मानसिक स्वास्थ्य के प्रति नई जागरूकता
- बुजुर्गों की देखभाल में मानवता का विस्तार
- महिलाओं की सामाजिक नेतृत्व क्षमता का उदय
देश ने अपनाया छत्तीसगढ़ का मॉडल
छत्तीसगढ़ की मितानिनों के सफल अनुभव ने भारत सरकार को इतना प्रभावित किया कि इसी मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर ASHA कार्यक्रम के रूप में लागू किया गया। यह गर्व की बात है कि देश की सबसे बड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य पहल की नींव छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति ने रखी।

मितानिन दिवस पर कृतज्ञता का नमन
मितानिन दिवस (Mitanin Day 2025) उन अनगिनत महिलाओं को समर्पित है, जिन्होंने रात–दिन, बारिश–धूप की परवाह किए बिना समुदाय के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाई। मितानिनों के प्रयास से गाँव स्वस्थ है, समाज सुरक्षित है।
छत्तीसगढ़ आज कृतज्ञता के साथ कहता है- “आपकी सेवा से ही हमारा स्वास्थ्य मजबूत है, आपका समर्पण ही हमारा गर्व है।



