Google Analytics —— Meta Pixel

अरुणाचल प्रदेश में बड़ा सड़क हादसा, 1000 फीट गहरी खाई में गिरा ट्रक, 21 की मौत

Accident in Arunachal Pradesh: अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले के हयुलियांग इलाके में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। तिनसुकिया से 21 मजदूरों को लेकर जा रहा ट्रक 8 दिसंबर की रात करीब 1000 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे की जानकारी दो दिन बाद तब सामने आई, जब दुर्घटना में जीवित बचे एक व्यक्ति ने पैदल चलकर सेना कैंप में इसकी सूचना दी। हादसे में घायल व्यक्ति किसी तरह खाई से बाहर निकला और हयुलियांग-चगलगाम रोड तक पहुंचा। वह दो दिन जंगलों और पहाड़ों से गुजरते हुए पैदल चलता रहा और आखिर में चिपरा GREF कैंप पहुंचा, जहां उसने जवानों को दुर्घटना की सूचना दी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संगठन अभनपुर इकाई का पुनर्गठन संपन्न

गुरुवार सुबह सेना और दूसरे एजेंसियों ने बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हादसा बेहद दूरदराज और घने जंगल वाले पहाड़ी क्षेत्र में हुआ, जहां पहुंचने में बचाव दल को 10 घंटे से ज्यादा समय लगा। ट्रक घनी झाड़ियों में फंसा हुआ था, जिसके कारण दूर से दिखाई नहीं दे रहा था। सेना की टीम रस्सियों के सहारे खाई में उतरी और करीब 4 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद ट्रक तक पहुंची। अब तक 18 शव बरामद कर लिए गए हैं, जिन्हें बेले रोप्स की मदद से ऊपर लाया जा रहा है। मृतकों में ड्राइवर और क्लीनर भी शामिल है। भारतीय सेना, NDRF, SDRF, GREF, स्थानीय पुलिस और मेडिकल टीमों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्य जारी है। (Accident in Arunachal Pradesh)

अंजॉ जिले के ADC ने बताया कि मृतकों की पहचान के लिए जिला परिषद सदस्यों और चगलगाम के ठेकेदारों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तिनसुकिया से 22 श्रमिकों को चगलगाम की ओर ले जा रहा ट्रक का ड्राइवर KM-40 के पास नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में जा गिरा। प्रधानमंत्री कार्यालय ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। यह घटना अरुणाचल प्रदेश के दुर्गम इलाकों में सड़क सुरक्षा और परिवहन सुविधाओं पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Back to top button
error: Content is protected !!