Google Analytics —— Meta Pixel

जब हिमालय बना काल! भारत-नेपाल में 9 बार कुदरत ने मचाई भीषण तबाही, जानिए आपदाओं की पूरी कहानी

Accident in Himalayas: हिमालय जितना खूबसूरत है, उतना ही संवेदनशील भी। तेजी से बदलते मौसम, ग्लेशियरों के पिघलने, ग्लेशियल झीलों के बढ़ते जलस्तर, बादल फटने और भूस्खलन जैसी घटनाओं के कारण हिमालयी क्षेत्र में अचानक आने वाली बाढ़ का खतरा लगातार बना रहता है। भारत और नेपाल के हिमालयी इलाकों में पिछले कुछ दशकों में ऐसी कई विनाशकारी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कुछ ही घंटों में गांव, सड़कें, पुल और हाइड्रोपावर परियोजनाएं तबाह हो गईं। नेपाल के रसुवा में भोटेकोशी नदी में आई ताजा फ्लैश फ्लड ने एक बार फिर हिमालयी इलाकों में ग्लेशियर और ग्लेशियल झीलों से जुड़े खतरों को सामने ला दिया है। इससे पहले भी भारत और नेपाल में ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं।

यह भी पढ़ें:- बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त फटा विमान का टायर, मची अफरा-तफरी, प्रयागराज की फ्लाइट कैंसिल

थामे गांव, नेपाल (16 अगस्त 2024)

नेपाल के सोलुखुम्बु जिले के थामे गांव में अगस्त 2024 में ग्लेशियल झील फटने के बाद अचानक बाढ़ आ गई थी। तेज बहाव में गांव के कई घर और इमारतें बह गईं और बड़े पैमाने पर संपत्ति का नुकसान हुआ। हालांकि समय रहते स्थानीय लोगों को ऊंचाई वाले सुरक्षित इलाकों में पहुंचा दिया गया था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। इस घटना ने नेपाल के हिमालयी इलाकों में ग्लेशियल झीलों की निगरानी और समय रहते चेतावनी जारी करने की जरूरत को फिर सामने रखा।

दक्षिण ल्होनक झील, सिक्किम (4 अक्टूबर 2023)

4 अक्टूबर 2023 को सिक्किम में दक्षिण ल्होनक झील से जुड़ी ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड यानी GLOF ने भारी तबाही मचाई। झील के फटने के बाद तीस्ता नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। बाढ़ की तेज लहर ने चुंगथांग बांध को नुकसान पहुंचाया और नदी के निचले हिस्सों में बड़े पैमाने पर तबाही हुई। कई इलाके जलमग्न हुए, सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हुए समेत सेना के प्रतिष्ठानों और अन्य बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा। इस आपदा में 179 लोगों की मौत हुई थी।

तपोवन-ऋषिगंगा, उत्तराखंड (7 फरवरी 2021)

उत्तराखंड के चमोली जिले में 7 फरवरी 2021 को अचानक आए मलबे के सैलाब ने सबको हैरान कर दिया था। शुरुआती आकलन में रोंटी पीक क्षेत्र से बर्फ और चट्टानों का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिरने को इसकी वजह माना गया। इसके बाद ऋषिगंगा और धौलीगंगा नदियों में पानी और मलबे का तेज बहाव आया। इस आपदा में दो हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट बुरी तरह प्रभावित हुए। 200 से ज्यादा लोग मारे गए या लापता हुए थे। यह घटना इस बात का उदाहरण बनी कि हिमालयी क्षेत्रों में ऊंचाई पर होने वाली छोटी अवधि की प्राकृतिक घटनाएं भी नीचे बसे इलाकों में कितनी बड़ी तबाही ला सकती हैं।

उत्तराखंड बाढ़ (अक्टूबर 2021)

अक्टूबर 2021 में उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं। कई पहाड़ी रास्ते बंद हो गए और बड़ी संख्या में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ। नैनीताल समेत कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। इस आपदा में 46 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया था और कई जगहों पर राहत-बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया था।

कश्मीर बाढ़ (सितंबर 2014)

सितंबर 2014 में जम्मू-कश्मीर में लगातार भारी बारिश के कारण झेलम नदी उफान पर आ गई। पानी तेजी से बढ़ने के बाद श्रीनगर समेत कश्मीर घाटी के बड़े हिस्से में बाढ़ की स्थिति बन गई थी। सड़कों, घरों और अन्य बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। भारत और पाकिस्तान में इस आपदा के कारण 450 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। कश्मीर घाटी में यह हाल के दशकों की सबसे गंभीर बाढ़ आपदाओं में से एक थी।

केदारनाथ जलप्रलय, उत्तराखंड (17 जून 2013)

17 जून 2013 को उत्तराखंड में आई आपदा को देश की सबसे भयावह प्राकृतिक त्रासदियों में गिना जाता है। भारी बारिश के बाद चोराबारी झील का पानी और भारी मात्रा में मलबा नीचे की ओर आया। केदारनाथ, रामबाड़ा और गौरीकुंड समेत कई इलाकों में तबाही मच गई। अचानक आए पानी और मलबे ने घरों, दुकानों, सड़कों और पुलों को बहा दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग प्रभावित हुए और हजारों लोगों की जान गई थी।

भोटेकोशी बाढ़, नेपाल (5 जुलाई 2016)

नेपाल की भोटेकोशी नदी में जुलाई 2016 में अचानक बाढ़ आई थी। इसका संबंध तिब्बत क्षेत्र में ग्लेशियल झील फटने की घटना से जोड़ा गया था। अचानक आए तेज पानी ने नदी किनारे के इलाकों में भारी तबाही मचाई। सड़कें, पुल, घर और हाइड्रोपावर परियोजनाएं प्रभावित हुईं। इस घटना ने नेपाल और चीन के बीच महत्वपूर्ण सड़क संपर्क वाले इस इलाके की प्राकृतिक आपदा के प्रति संवेदनशीलता को उजागर किया था।

लेह फ्लैश फ्लड, लद्दाख (अगस्त 2010)

अगस्त 2010 में लद्दाख के लेह क्षेत्र में रात के समय बादल फटने के बाद अचानक पानी और मलबे का सैलाब आ गया था। लोगों को संभलने का पर्याप्त समय नहीं मिला था। लेह और आसपास के इलाकों में घरों, सड़कों और अन्य ढांचों को भारी नुकसान हुआ था। इस आपदा में 250 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। पहाड़ी क्षेत्रों में बादल फटने से कुछ ही समय में बनने वाली फ्लैश फ्लड कितनी विनाशकारी हो सकती है, इसका यह बड़ा उदाहरण है।

डिग त्शो झील, नेपाल (4 अगस्त 1985)

हिमालयी क्षेत्र में ग्लेशियल झील से जुड़ी सबसे चर्चित शुरुआती आपदाओं में से एक डिग त्शो झील की घटना है। 4 अगस्त 1985 को ग्लेशियल झील के ऊपर एवलांच गिरने के बाद झील का प्राकृतिक बांध टूट गया था। इसके बाद अचानक बड़ी मात्रा में पानी नीचे की ओर बहा और बाढ़ ने आसपास के इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया था। हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट, पुल और खेत बाढ़ की चपेट में आ गए थे। यह घटना नेपाल में ग्लेशियल झीलों से पैदा होने वाले अचानक बाढ़ के खतरे का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनी थी।

क्यों बढ़ रहा है हिमालयी इलाकों में खतरा ?

इन घटनाओं में अलग-अलग कारण रहे हैं, जैसे कहीं ग्लेशियल झील फटी, कहीं भारी बारिश और बादल फटने से बाढ़ आई तो कहीं ग्लेशियर, चट्टान या बर्फ के बड़े हिस्से के टूटने से नदी का रास्ता प्रभावित हुआ, लेकिन इन सभी घटनाओं में एक समानता है-पहाड़ों में होने वाली प्राकृतिक हलचल का असर बेहद कम समय में नदी के निचले इलाकों तक पहुंच सकता है। ग्लेशियल झीलों के आसपास बर्फ, मलबे और चट्टानों से बने प्राकृतिक बांध होते हैं। इनमें दरार आने, कटाव होने, झील में बड़े पैमाने पर मलबा गिरने, भूस्खलन या भूकंप जैसी घटनाओं के कारण यह बांध टूट सकता है। इसके बाद लाखों-करोड़ों घनमीटर पानी अचानक नीचे की ओर बह सकता है और रास्ते में आने वाले गांव, सड़क, पुल और बिजली परियोजनाओं को अपनी चपेट में ले सकता है।

हिमालय के लिए चेतावनी

थामे, सिक्किम, चमोली, केदारनाथ और भोटेकोशी जैसी घटनाएं बताती हैं कि हिमालयी क्षेत्र में आपदा का खतरा केवल भारी बारिश तक सीमित नहीं है। ग्लेशियरों और ग्लेशियल झीलों में बदलाव, भूस्खलन और अचानक नदी का बहाव बढ़ना अब बड़े खतरे के रूप में सामने है। इसीलिए हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियल झीलों की लगातार निगरानी, समय रहते चेतावनी प्रणाली, संवेदनशील इलाकों की मैपिंग और नदी किनारे निर्माण पर सख्त नियंत्रण बेहद जरूरी हो जाता है। क्योंकि पहाड़ों में शुरू होने वाली ऐसी आपदा को मैदानों तक पहुंचने में कई बार कुछ घंटे ही लगते हैं। हिमालय की खूबसूरती के पीछे छिपा खतरा एक बार फिर नेपाल की बाढ़ ने दुनिया के सामने ला दिया है। ग्लेशियर, ग्लेशियल झील, भूस्खलन और अचानक बढ़ता नदी का बहाव जैसे खतरे अब बार-बार बड़े हादसों की वजह बन रहे हैं। भारत और नेपाल में बीते दशकों की 9 बड़ी आपदाएं बताती हैं कि हिमालय को नजरअंदाज करना कितना भारी पड़ सकता है। सवाल अब सिर्फ आपदा के बाद राहत का नहीं, बल्कि पहाड़ों में आने वाली अगली तबाही से पहले तैयारी का है।

Back to top button
error: Content is protected !!