Google Analytics —— Meta Pixel

150 फीट गहरी खाई में गिरी तीर्थयात्रियों से भरी बस, हादसे में 22 लोगों की मौत, 50 से ज्यादा घायल

Accident in Jammu: जम्मू-कश्मीर के अखनूर में भीषण हादसा हुआ है, जहां तीर्थयात्रियों से भरी बस 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 22 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि 69 लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए जम्मू के अखनूर अस्पताल और सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है। हादसा जम्मू-पुंछ राजमार्ग पर हुआ। दरअसल, बस में UP के हाथरस और राजस्थान के करीब 90 लोग सवार थे। सभी हाथरस से शिव खोड़ी जा रहे थे। फिलहाल हादसे की वजह सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ें:- धमतरी जिला प्रशासन की खास पहल, पीकू ने कहा- भीषण गर्मी में व्यर्थ न बहाएं पानी

वहीं हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- जम्मू के पास अखनूर में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं। PM नरेंद्र मोदी ने भी हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि अखनूर में बस दुर्घटना के कारण लोगों की मौत से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द ठीक हो जाएं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए दिए जाएंगे। घायलों को एक लाख रुपए दिए जाएंगे। (Accident in Jammu)

6 महीने पहले 38 लोगों की हुई थी मौत

बता दें कि 15 नवंबर 2023 को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भी ऐसा ही हादसा हुआ था, जहां अस्सार इलाके में एक बस 300 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे में 9 महिलाओं समेत 38 लोगों की मौत हो गई थी। बस किश्तवाड़ से जम्मू जा रही थी। हादसे में बस बुरी तरह डैमेज हो गई थी। इसलिए इसे काटकर डेड बॉडी और घायलों को बाहर निकालना पड़ा था। घायलों को किश्तवाड़ जिला अस्पताल और डोडा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जबकि कुछ लोगों को जम्मू एयरलिफ्ट किया गया था। जम्मू-कश्मीर में लगातार सड़क हादसों की खबरें सामने आ रही है। (Accident in Jammu)

Back to top button
error: Content is protected !!