जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा, NH-49 पर ट्रक-स्कॉर्पियो की भिड़ंत, 5 की मौत, 3 गंभीर

Accident in Janjgir Champa: जांजगीर-चांपा जिले के सुकली गांव में मंगलवार देर रात नेशनल हाईवे-49 पर ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में जिन पांच लोगों की मौत हुई, उनमें राजेंद्र कश्यप (27) और पोमेश्वर जलतारे (33) भारतीय सेना में जवान थे। राजेंद्र कश्यप श्रीनगर में पोस्टेड थे और हाल ही में 18 नवंबर को उनकी शादी हुई थी। शादी के बाद वे छुट्टी में घर आए थे।
यह भी पढ़ें:- दुर्ग में भुइयां पोर्टल हैक कर सरकारी जमीन में छेड़छाड़, बिलासपुर, राजनांदगांव और जांजगीर जिले में भी करोड़ों की ठगी
पोमेश्वर जलतारे की पोस्टिंग सिक्किम में थी। वे 12 नवंबर को छुट्टी पर घर आए थे और 8 दिसंबर को ड्यूटी पर लौटने वाले थे। उनकी पांच साल पहले शादी हुई थी और एक तीन साल का बेटा है। सभी मृतक नवागढ़ क्षेत्र के सड़क पारा और शांति नगर के रहने वाले थे। वे अपने दोस्त की शादी में शामिल होकर पंतोरा बारात से वापस लौट रहे थे। सुकली के पास NH-49 पर उनकी स्कॉर्पियो की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। (Accident in Janjgir Champa)
घायलों की हालत नाजुक
विश्वनाथ देवांगन (43 साल), भूपेंद्र साहू (40 साल) और कमलनयन साहू (22 साल) की भी मौत हुई है। हादसे में घायल सत्यनारायण साहू (35), संतोष साहू (30) और दीपक केवट (25) को प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत देखते हुए बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया। तीनों का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे, एसपी विजय पांडेय और विधायक व्यास कश्यप मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
बेमेतरा में भी 3 मजदूरों की मौत
वहीं बेमेतरा जिले में भी 24 नवंबर की रात बड़ा सड़क हादसा हुआ था, जिसमें पश्चिम बंगाल के तीन मजदूरों की मौत हो गई और दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। सभी मजदूर कबीरधाम जिले से काम खत्म कर पिकअप वाहन से लौट रहे थे कि तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। घायलों में बेमेतरा के रहने वाले अजय विश्वकर्मा (22) और पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर के रहने वाले शुभाशीष चक्रवर्ती (42) शामिल हैं, जिनका इलाज बेमेतरा जिला अस्पताल में चल रहा है। (Accident in Janjgir Champa)
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
पुलिस के मुताबिक सभी मजदूर बेमेतरा के केरल फ्लावर्स में फूलों का काम करते थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों ने रात में ही सड़क पर आवाजाही रोककर स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दुर्घटना स्थल पर जल्द ही अतिरिक्त बैरिकेडिंग और गश्त बढ़ाई जाएगी। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। आए दिन हादसों के चलते कई लोगों की मौत हो रही है। इसका सबसे बड़ा कारण यातायात नियमों का पालन नहीं करना है।



