Google Analytics —— Meta Pixel

अरुणाचल को लेकर चीन-भारत में फिर तनातनी, भारत ने दिया करारा जवाब

China India Tension: चीन ने एक बार फिर अरुणाचल प्रदेश को अपना हिस्सा बताते हुए नया विवाद खड़ा कर दिया है। मंगलवार को चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि जांगनान (अरुणाचल प्रदेश) चीन का अभिन्न हिस्सा है। भारत ने अरुणाचल को अवैध तरीके से बसाया है और चीन इसे कभी मान्यता नहीं देता। चीन की यह टिप्पणी उस समय आई जब भारतीय नागरिक पेम वांगजॉम थांगडॉक के साथ शंघाई एयरपोर्ट पर बदसलूकी के मामले पर सवाल पूछा गया। चीन ने इस घटना को भी सिरे से नकारते हुए कहा कि महिला के साथ कोई गलत व्यवहार नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें:- जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा, NH-49 पर ट्रक-स्कॉर्पियो की भिड़ंत, 5 की मौत, 3 गंभीर

चीन के दावे पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। चीन चाहे जितना भी इनकार करे, सच्चाई नहीं बदल सकती। उन्होंने बताया कि भारत ने पेम की हिरासत और पासपोर्ट संबंधी मामले को पहले ही कड़े शब्दों में चीन के सामने उठाया है। चीन यह बताने में असमर्थ रहा कि महिला को रोका क्यों गया, जबकि उसके अपने नियम 24 घंटे का बिना वीजा ट्रांजिट देते हैं। (China India Tension)

भारतीय महिला पेम का आरोप 

ब्रिटेन में रहने वाली भारतीय नागरिक पेम वांगजॉम थांगडॉक 21 नवंबर को लंदन से जापान जा रही थी। शंघाई पुडोंग एयरपोर्ट पर उनका 3 घंटे का ट्रांजिट था। पेम ने आरोप लगाया कि उनके पासपोर्ट को अवैध बताया गया, क्योंकि उसमें जन्मस्थान के तौर पर अरुणाचल प्रदेश लिखा था। उन्हें 18 घंटे तक ट्रांजिट जोन में रोककर रखा गया। एयरपोर्ट स्टाफ उनके भारतीय पासपोर्ट को लेकर हंसते रहे, मजाक उड़ाते रहे और चीनी पासपोर्ट के लिए आवेदन करने की सलाह देते रहे। उन्हें न ठीक से खाना दिया गया, न जानकारी दी गई, न एयरपोर्ट की सुविधाएं इस्तेमाल करने दी गई।

ना हिरासत हुई, ना बदसलूकी: चीन

अधिकारियों ने बार-बार दबाव डाला कि वे चाइना ईस्टर्न की नई टिकट खरीदें, तभी पासपोर्ट वापस मिलेगा। ट्रांजिट जोन में फंसे होने के कारण वे नया टिकट भी बुक नहीं कर पा रही थी और भोजन भी नहीं खरीद सकती थी, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। आखिरकार पेम ने ब्रिटेन में अपने दोस्त की मदद से भारतीय दूतावास से संपर्क किया, जिसके बाद रात की फ्लाइट से उन्हें शंघाई से बाहर निकलने में मदद मिली। इस पर चीनी प्रवक्ता माओ निंग ने दावा किया कि महिला को न तो रोका गया और न ही परेशान किया गया। एयरलाइन ने उन्हें आराम, पानी और भोजन की सुविधा दी। उन्होंने पेम के सभी आरोपों को झूठा और बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया हुआ बताया।

अरुणाचल पर चीन का पुराना दावा 

चीन अरुणाचल प्रदेश को दक्षिणी तिब्बत बताकर दावा करता रहा है। उसका आरोप है कि भारत ने उसके तिब्बती क्षेत्र पर कब्जा कर इसे अरुणाचल प्रदेश बनाया। चीन लंबे समय से अरुणाचल में जगहों के नाम बदलकर अपना कब्जा साबित करने की कोशिश कर रहा है। चाइनीज एकेडमी ऑफ सोशल साइंस के रिसर्चर झांग योंगपान ने कहा था कि चीन को अरुणाचल (जांगनान) में जगहों के नाम बदलने का पूरा अधिकार है। पुराने समय में इन्हें केंद्रीय या स्थानीय सरकारें ही तय करती थी। (China India Tension)

पेम वांगजॉम ने भारत सरकार से की मांग

मई 2024 में चीन ने अरुणाचल की 30 जगहों के नाम बदले थे। वहीं 2023 में 11 जगहों के नाम बदले, 2021 में 15 जगहों और 2017 में 6 जगहों के नाम बदले। इस तरह पिछले 8 सालों में 90 से ज्यादा जगहों के नाम बदल दिए गए। इस पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि नाम बदल देने से कोई फर्क नहीं पड़ता। अरुणाचल भारत का अटूट हिस्सा है। अरुणाचल पूर्वोत्तर का सबसे बड़ा राज्य है, जिसकी सीमाएं उत्तर और उत्तर-पश्चिम-तिब्बत और पश्चिम-भूटान, पूर्व-म्यांमार से लगती हैं। तवांग जिले से दलाई लामा का संबंध है, जो चीन के लिए विशेष रणनीतिक महत्व रखता है। इसी वजह से चीन बार-बार इस क्षेत्र पर दावा जताता है। पेम वांगजॉम ने भारत सरकार से मांग की है कि चीन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। एयरलाइन और इमिग्रेशन अधिकारियों को दंडित किया जाए। अरुणाचल के नागरिकों की अंतरराष्ट्रीय यात्रा सुरक्षित और परेशानी मुक्त बनाई जाए।

Back to top button
error: Content is protected !!